उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आज जन्मदिन है। इस विशेष दिन को भाजपा पदाधिकारियों के साथ ही कार्यकर्ता उल्लास के साथ मना रहे हैं। प्रयागराज के साथ ही केशव मौर्य के गृह जनपद कौशांबी में भी जन्मदिन मनाने की तैयारी है। फिलहाल अपने नेता के जन्मदिन मनाने में कार्यकर्ता कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते।
गंगा घाट व लेटे हनुमान मंदिर में भाजपाइयों ने की पूजा-अर्चना : भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की जन्मतिथि मना रहे हैं। नैनी स्थित गंगा अरैल घाट पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पूजा अर्चना कर केशव मौर्य की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की। महानगर के कार्यकर्ताओं ने बंधवा वाले बड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजन किया और प्रसाद भी बांटे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की जन्मतिथि के उपलक्ष्य में अनाहा चैरिटेबल ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से किया गया। इस दौरान कुल 11 यूनिट रक्तदान हुआ। आयोजन में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, अमन केसरवानी, विवेक कुमार, विकास कुमार, रोहित मिश्रा आदि मौजूद रहे। उधर, भाजपाइयों ने जगह-जगह जल सेवा की। कोठा पारचा डाट पुल के नीचे राहगीरों को शर्बत बांटा गया। इस दौरान भाजपा पार्षद किरन जायसवाल, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी सहित कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा लघु प्रकोष्ठ के सह संयोजक धीरज केसरवानी ने बताया कि सेवा ही समर्पण के भाव से पार्टी के सदस्य कार्य कर रहे हैं। जल सेवा में विवेक अग्रवाल, धीरज केसरवानी, मोनू गुप्ता, प्यारेलाल जायसवाल, पतविंदर सिंह, रजनीकांत श्रीवास्तव आदि सहयोग देंगे।