Putin ने नववर्ष के अवसर पर संबोधन में रूस की एकजुटता की प्रशंसा की

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नववर्ष के अवसर पर राष्ट्र के नाम अपने पूर्व रिकॉर्ड संबोधन में देश के ‘एकजुट समाज’ की प्रशंसा की। देश की सरकारी समाचार एजेंसियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

सरकारी समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती की खबर के मुताबिक, पुतिन ने चार मिनट से कम समय के वीडियो में रूसियों को संबोधित किया, जो पिछले साल दिए गए नए साल के भाषण से काफी छोटा है।

पुतिन का संबोधन जब टीवी पर प्रसारित होगा तब लाखों लोगों के इसे देखने की उम्मीद है, क्योंकि प्रत्येक रूसी समय क्षेत्र रविवार को 2023 के अंतिम मिनटों की गिनती कर रहे हैं। इसे सबसे पहले देखने वाले रूस के सुदूर पूर्व में कामचटका प्रायद्वीप और चुकोटका क्षेत्र के निवासी थे, जिनका समय मास्को से लगभग नौ घंटे आगे है।

पिछले साल सैनिकों के बीच भाषण देने के बाद परंपरा की ओर लौटते हुए पुतिन ने बर्फ से घिरे क्रेमलिन की पृष्ठभूमि में राष्ट्र के नाम अपना संबोधन दिया। रिया नोवोस्ती के मुताबिक उन्होंने 2023 को रूसी समाज में उच्च स्तर की एकता के वर्ष के रूप में वर्णित किया।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ जिसने हमें एकजुट किया है और साथ रखे हुए है, वह है पितृभूमि का भाग्य, उस ऐतिहासिक चरण की गहरी समझ, जिससे रूस गुजर रहा है।’’ पुतिन के संबोधन के केंद्र में यूक्रेन के साथ करीब दो साल से जारी युद्ध था। उन्होंने सीधे तौर पर रूस के सशस्त्र बलों को संबोधित किया।

क्रेमलिन ने पड़ोसी देश के साथ युद्ध को वहां अपना ‘विशेष सैन्य अभियान’ करार दिया है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हमें आप पर गर्व है, आप नायक हैं, आप पूरी जनता का समर्थन महसूस करते हैं।’’

सरकारी मीडिया के अनुसार, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रूस कभी भी पीछे नहीं हटेगा। पुतिन ने कहा कि ऐसी कोई ताकत नहीं है, जो रूसियों को विभाजित कर सके और देश के विकास को रोक सके।रूस की सुरक्षा परिषद के उप सचिव और पूर्व रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव ने भी रूसियों को नए साल की बधाई दी।

Related posts

Leave a Comment