भारतीय टीम के पूर्व और सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सात जुलाई को अपना जन्मदिन मना रहे है। इस बार उन्होंने अपना 42वां बर्थडे मनाया है। इस जन्मदिन पर फैंस ने अपने फेवरेट खिलाड़ी को खास तोहफा दिया है जो आज तक किसी अन्य क्रिकेटर को नहीं मिला है।आईसीसी की तीन ट्रॉफी जीतने वाले और आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी की फैन फॉलोइंग पूरे देश के साथ विदेशों में भी है। उनके जन्मदिन पर फैंस उनपर खूब प्यार लुटाते है। इस बार भी फैंस ने अपने चहीते खिलाड़ी का जन्मदिन मनाने का निश्चय किया है। 7 जुलाई को अपना 42वां जन्मदिन मना रहे एमएस धोनी को आंध्र प्रदेश के नंदीगामा के फैंस से खास और यूनिक तोहफा मिला है।
बता दें कि आंध्र प्रदेश में फैंस में महेंद्र सिंह धोनी का सबसे बड़ा अटआउट लगाया गया है, जिसकी लंबाई कुल 77 फीट है, जिसमें माही चेन्नई सुपर किंग्स की ट्रेनिंग किट में दिख रहे है। दावा किया जा रहा है कि ये दुनिया भर में किसी भी क्रिकेटर का सबसे बड़ा कटआउट है, जो लगाया गया है। इस कटआउट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इसके अलावा हैदराबाद मे कटआउट 52 फीट लंबा है, जिसमें एमएस धोनी 52 भारत की जर्सी में दिख रहे है।। इस शानदार विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के करियर में कई अद्भुत पल आए है। धोनी के प्रति अपने प्यार को जताने के लिए फैंस भी काफी उत्सुकता से पेश आते है।
एमएस धोनी को महान भारतीय कप्तानों में से एक और सीमित ओवरों के क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में महेंद्र सिंह धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा आयोजित सभी टूर्नामेंट – टी20 विश्व कप, विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में सफलता हासिल की है। उन्होंने भारत को 2007 टी20 विश्व कप खिताब दिलाया, जो टीम के कप्तान के रूप में उनका पहला टूर्नामेंट था। इस जीत को जारी रखते हुए उन्होंने वर्ष 2011 में भारतीय टीम को दूसरी बार वनडे विश्व कप खिताब जितवाया, जो इससे पहले टीम कपिल देव के नेतृत्व में वर्ष 1983 में जीती थी। इसके बाद धोनी के नेतृत्व में भी भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी पर वर्ष 2013 में कब्जा किया था। धोनी की कप्तानी के अंदर ही भारतीय टीम वर्ष 2009 में पहली बार टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थी।