BJP ने पूर्व सीएम पर लगाया पूर्वांचलियों के अपमान का आरोप

दिल्ली में चुनावी दंगल के बीच भाजपा ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर पूर्वांचल के लोगों को अपमानित करने का आरोप लगाया है। जेपी नड्डा ने एक्स पर लिखा कि पिछले 10वर्षों से दिल्ली पर आपदा बनकर भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ाकर लूट मचा रहे अरविंद केजरीवाल को अपनी हार का डर सताने लगा तो बौखलाकर उत्तर प्रदेश और बिहार के हमारे भाई – बहनों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने पर उतारू हो गये। केजरीवाल ने यूपी – बिहार के हमारे लोगों को फ़र्ज़ी वोटर कह कर उनका अपमान किया है। दिल्ली की जनता सत्ता से उखाड़कर उन्हें इसका जवाब जरूर देगी।दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल लगातार पूर्वांचल के लोगों का अपमान करते आ रहे हैं। वह यूपी और बिहार के लोगों के प्रति नफरत से भरे हुए हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आज उन्होंने पूर्वाचल के लोगों को ‘फर्जी वोटर’ कहा। देश की राजधानी के विकास में यूपी और बिहार के लोगों की बड़ी भूमिका है। दिल्ली की जनता आप के खिलाफ वोट करके यूपी और बिहार के लोगों के अपमान का बदला लेगी।

केजरीवाल पर वार करते हुए सचदेवा ने कहा कि कभी वो बिहार और यूपी वालों को शिक्षा व्यवस्था पर बोझ बताते हैं, तो कभी कहते हैं कि ये लोग 500 रुपए का टिकट लेकर दिल्ली आते हैं और दिल्ली पर बोझ डालकर चले जाते हैं। आज तो उन्होंने हद ही कर दी- उन्होंने हमारे पूर्वांचल के भाईयों-बहनों को फर्जी वोटर तक कह डाला। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सुन लो- दिल्ली की अर्थव्यवस्था का एक बहुत बड़ा पहिया जो चल रहा है, उसमें बिहार और यूपी के मेहनतकश लोगों की मेहनत है। ये तुम्हें समझ में नहीं आएगा।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि केजरीवाल आप ये बात कान खोलकर सुन लो, बिहार और यूपी के ये मेहनतकश लोग तुम्हारे खिलाफ अपना वोट डालकर इस अपमान का बदला लेंगे। वो तुम्हें बताएंगे कि बिहार और यूपी के लोगों की ताकत क्या है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और आप का यूपी, बिहार, झारखंड के लोगों का अपमान करने का इतिहास रहा है। आपकी (अरविंद केजरीवाल) यूपी, बिहार, झारखंड के लोगों को फर्जी कहने की हिम्मत कैसे हुई। अरविंद केजरीवाल और AAP के वादे फर्जी हैं। पूर्वाचल की जनता 5 फरवरी को बदला लेगी।

Related posts

Leave a Comment