बलिया के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में कोटा की दुकान के आवंटन के दौरान फायरिंग के मुख्य आरोपित धीरेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में लगातार बयानबाजी बलिया के बैरिया से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह को बेहद भारी पड़ सकती है। बलिया कांड मामले में मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में बयानबाजी करने वाले बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह से भाजपा केंद्रीय संगठन ने बेहद नाराजगी जताई है।
अपने स्वाभाव के विपरीत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस प्रकरण पर विधायक सुरेंद्र सिंह को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। नड्डा ने भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से फोन पर वार्ता में साफ कहा है कि विधायक जांच को प्रभावित करने का प्रयास न करें। यह ठीक नहीं होगा।
विधायक सुरेंद्र सिंह की हरकतों से बेहद नाराज
बलिया कांड पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बेहद नाराज हैं। वहां पर बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह की लगातार जार दिन से सक्रियता पर नड्डा ने सख्त चेतावनी दी है। वह विधायक सुरेंद्र सिंह की हरकतों से बेहद नाराज हैं। इसी कारण उन्होंने स्वतंत्रदेव सिंह को फोन किया है। इस दौरान उन्होंने विधायक के आचरण पर भारी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ लहजे में कहा है कि हम ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं करेंगे। विधायक लगातार इस केस में बयान देते फिर रहे हैं। पार्टी को विधायक के ऐसे बयान बर्दाश्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बलिया कांड की जांच से विधायक दूर रहें तो बेहतर होगा। अगर उन्होंने जांच प्रभावित करने का प्रयास किया तो फिर कठोर कार्रवाई होगी।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस प्रकरण पर स्वभाव के विपरीत बेहद गुस्से में हैं। इससे पहले लखनऊ में रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह को बलिया से लखनऊ तलब किया था। माना जा रहा है कि इस प्रकरण में विधायक और समर्थकों पर हो कार्रवाई हो सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी उनसे कहा कि इससे पार्टी और सरकार की छवि खराब होती है। सुरेंद्र सिंह ने भाजपा अध्यक्ष से कहा कि उन पर घटना के आरोपियों को बचाने का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जो जैसा करेगा वैसा भरेगा।