अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। जहां जीटी के साई सुदर्शन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने एक और बेहतरीन पारी खेली है। सुदर्शन ने बुधवार को रॉयल्स के खिलाफ 53 गेंदों में 82 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और तीन छक्के भी जड़े। ये सुदर्शन के आईपीएल करियर की 30वीं पारी थी। उन्होंने सुपर 30 क्लब में धमाकेदार एंट्री करते हुए क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
दरअसल, सुदर्शन आईपीएल में 30 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में फिलहाल 1307 रन हैं। उन्होंने गेल को तीसरे स्थान पर खिसका दिया, जिन्होंने 30 आईपीएल पारियों में 1141 रन बटोरे थे। सुदर्शन 30 आईपीएल पारियों में एक हजार प्लस रन बनाने वाले इकलौते भारतीय हैं। ओवरऑल लिस्ट में सुदर्शन से आगे सिर्फ शॉन मार्श हैं। मार्श ने 30 पारियों में 1338 रन जुटाए।
IPL में 30 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन
1338- शॉन मार्श
1307- साई सुदर्शन
1141- क्रिस गेल
1096- केन विलियमसन
1082- मैथ्यू हेडन
1064- माइकल हसी
1058- जॉनी बेयरस्टो
977- ऋतुराज गायकवाड़
975-सचिन तेंदुलकर
सुदर्शन की पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 217 का विशाल स्कोर खड़ा किया। उन्होंने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 और शाहरुख खान के संग तीसरे विकेट के लिए 62 रनों की पार्टनरशिप की। सुदर्शन ने 10वें ओवर में 32 गेंदों में 9वीं आईपीएल फिफ्टी कंप्लीट की। ये उनकी मौजूदा सीजन में तीसरी फिफ्टी है। वह पांच मैचों में 54.60 की औसत से 273 रन जोड़ चुके हैं।