- वेद वेदांगों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशिष्ट विद्वत सम्मान
- हरिद्वार में चल रहे अखिल भारतीय वैदिक सम्मेलन में प्रयागराज के वैदिक विद्वान् भी शामिल
प्रयागराज। झूसी स्थित श्री स्वामी नरोत्तमानन्द गिरि वेद विद्यालय के अथर्ववेदाचार्य (शौनक शाखा)श्री खिमलाल न्योपाने को उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल उत्तराखंड लेफ्टिनेंट गुरुमीत सिंह ने वेद वेदांगों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशिष्ट विद्वत सम्मान से सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि हरिद्वार (उत्तराखंड) के सूरतगिरि बंगला आश्रम में 15 से 17 नवंबर तक अखिल भारतीय वैदिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। जहां देश भर से संत, विद्वान एवं प्रबुद्धजन उपस्थित हुए हैं। इस सम्मलेन का आज दूसरा दिन है।
माँ गंगा की पावन जलधारा और पर्वतराज हिमालय की छाया में ऋषियों की पवित्र भूमि पर भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन और प्रसार के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन में श्री स्वामी नरोत्तमानन्द गिरि वेद विद्यालय से सामवेदाचार्य श्री ब्रजमोहन पाण्डेय, अथर्ववेदाचार्य खिमलाल न्योपाने के साथ ही इस वेद पाठशाला से अध्ययन करके निकले और देश के विभिन्न राज्यों में वेद अध्यापक के रूप में सेवा कर रहे यहाँ के पुरातन वेद छात्र भी शामिल हुए हैं।
यह आयोजन महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार एवं वेदस्थली शोध संस्थान श्री महेश्वरानन्द सांगवेद संस्कृत विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है। इस सम्मेलन में प्रमुख रूप से स्वामी विश्ववेश्वरानंद महाराज, महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान के सचिव विरूपाक्ष वी जड्डीपाल, सुरेश भैयाजी जोशी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), डॉ कृष्ण गोपाल सह सरकार्यवाह (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरुमीत सिंह, कार्ष्णिपीठाधीश्वर स्वामी गुरुशरणानंद महाराज मथुरा, महामंडलेश्वर स्वामी नित्यानंद महाराज शांति मंदिर हरिद्वार, प्रो. श्रीकिशोर मिश्र, आचार्य बालकृष्ण, कुलपति-पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार, प्रो. चिन्मय पंड्य, कुलपति-देव संस्कृति विश्वविद्यालय (हरिद्वार) समेत कई विशिष्ट विद्वान शामिल हो रहे हैं।