*बिरसा मुंडा की जयंती समारोह में सम्मिलित हुए मंत्री नन्दी*
*क्रांतिकारी आजादी के नायक भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि*
*बिरसा मुंडा के जल, जंगल, जमीन की लड़ाई को सांकेतिक रूप से प्रदर्शित करने वाले शर्ट पहनी थी मंत्री नन्दी ने*
प्रयागराज । भगवान बिरसा मुंडा जी की 148वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रयाग महानगर द्वारा पृथ्वी गार्डन सिविल लाइंस, प्रयागराज में आयोजित जयंती समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। जिन्होंने क्रांतिकारी आजादी के नायक भगवान बिरसा मुंडा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री नन्दी ने बिरसा मुंडा के जल, जंगल, जमीन की लड़ाई को सांकेतिक रूप से प्रदर्शित करने वाला शर्ट पहना हुआ था।
मंत्री नन्दी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने शौर्य और पराक्रम से जनजातीय समुदायों को संगठित कर विदेशी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया। उन्होंने जनजातीय समुदाय के उत्थान और वन-संपदाओं के संरक्षण में भी अभूतपूर्व योगदान दिया।
मंत्री नन्दी ने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को अंग्रेजों के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संगठित किया! भगवान बिरसा मुंडा ने जंगलों में रहने वाले समाज के सबसे अन्तिम और वंचित व्यक्तियों में स्वाभिमान और देशभक्ति का भाव पैदा किया! अंग्रेजों से भारत को आजाद कराने की लड़ाई में उनका योगदान अतुलनीय है! तीर-कमान और भालों के सहारे उन्होंने कई बार अंग्रेजों को पराजित किया! जल, जंगल, जमीन और आजादी के लिए संघर्ष ने उनका नाम अमर कर दिया! उन्होंने आदिवासियों में जागरूकता के माध्यम से चेतना पैदा की! अपने जोरदार भाषणों से वो लोगों को अंग्रेजों के विरुद्ध एकजुट करने में सफल रहे! उनकी लोकप्रियता से अंग्रेज काँपते थे!
भगवान बिरसा मुंडा जी का सम्पूर्ण जीवन स्वाधीनता संग्राम, सामाजिक उत्थान एवं जनजातीय वर्गों के कल्याण हेतु समर्पित रहा।
उन्होंने आदिवासी समाज को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त करने के साथ-साथ ‘उलगुलान’ आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजों के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, सांसद श्रीमती केसरी देवी पटेल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, कार्यक्रम संयोजक विक्रम सिंह पटेल, महापौर प्रयागराज गणेश केसरवानी, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह गौड़ आदि गणमान्यजन एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।