वर्ल्ड कप 2023 में आखिर वो दिन आ ही गया जब क्रिकेट जगत की दो चिर परिचित प्रतिद्वंदी टीमें भारत और पाकिस्तान आपस में भिड़ेंगी। ये रोमांचक मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। लेकिन उससे पहले इस मैदान में एक लाख से ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी में म्यूजिकल प्रोग्राम का आयोजन होगा। इस प्रोग्राम में अरिजीत सिंह, शंकर महादेवन, सुखविंदर सिंह जैसे कलाकार अपनी आवाज का जादू बिखरेंगे। वहीं इस म्यूजिक इवेंट का उद्देश्य आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के लिए पारंपरिक उद्घाटन समारोह के नहीं होने की कमी को पूरा करना है। इसके अलावा दोनों पारियों के बीच ब्रेक के दौरान 10 मिनट का रंगारंग कार्यक्रम भी होगा। मैच से पहले सेरेमनी 12.30 बजे शुरू होगी, जिसकी आधिकारिक जानकारी बीसीसीआई ने दी है।
वहीं इस महाभिड़ंत के लिए अहमदाबाद में सुरक्षा के चाक चौबंद हैं। पूरे अहमदाबाद को छावनी में तब्दील किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था की खुद राज्य गृहमंत्री ने खुद जायजा लिया। शहर में अगले 2 दिन ना सिर्फ सड़क बल्कि हवाई मार्ग भी बिजी रहेगा। करीब 100 चार्टेड प्लेन शहर में होंगे, क्योंकि इस मैच को देखने के लिए देश भर के कई जानी मानी हस्तियां स्टेडियम में पहुंचेंगी।
बता दें कि, इस म्यूजिकल कार्यक्रम की जानकारी बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया पेज पर दी। मैच से पहले म्यूजिकल कार्यक्रम में अरिजीत सिंह, सुखविंदर सिंह और शंकर महादेवन परफॉर्म करेंगे। इसमें बॉलीवुड सितारे भी शामिल हैं, रणवीर सिंह और अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के भी परफॉर्म करने की संभावना है।