श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने ने रविवार को नुवारा एलिया के ऐतिहासिक शहर के पास सीता मंदिर के लिए एक विशेष स्मारक का आवरण जारी किया और देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रामायण काल की प्रसिद्ध अशोक वाटिका स्थल पर एक ध्यान केंद्र की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री गुणवर्धने के साथ भारतीय उच्चायुक्त गोपाल बागले और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, ‘‘ भारतीय उच्चायुक्त और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में महामहिम प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने ने आज श्रीलंका में नुवारा एलिया के पास सीता मंदिर के लिए एक विशेष स्मारक आवरण जारी किया।’’भारतीय उच्चायोग ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ उन्होंने मंदिर में एक ध्यान केंद्र की आधारशिला भी रखी, जिसके बारे में माना जाता है कि यह महाकाव्य रामायण में अशोक वाटिका का स्थान है। ध्यान केंद्र मंदिर में सुविधाओं को बढ़ाएगा और भारत तथा अन्य स्थानों से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद करेगा।’’ अशोक वाटिका श्रीलंका में एक उद्यान है जिसके बारे में माना जाता है कि हिंदू महाकाव्य रामायण के मुताबिक रावण ने यहां सीता को बंदी बना कर रखा था। बगीचे का नाम अशोक के पेड़ के नाम पर रखा गया था, जिसे हिंदुओं के बीच पवित्र माना जाता है। श्रीलंका में इस साल मार्च में 1.25 लाख से अधिक पर्यटक आए थे, जिनमें भारतीयों और रूसी नागरिकों की संख्या सबसे अधिक थी। पर्यटन क्षेत्र श्रीलंका के लिए विदेशी मुद्रा आय का मुख्य स्रोत है।
Related posts
-
30 अप्रैल तक पाकिस्तान छोड़ दें भारतीय नागरिक, शहबाज सरकार ने दिया अल्टीमेटम
पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की बैठक के बाद, इस्लामाबाद ने पाकिस्तान में सभी भारतीय... -
Pahalgam के दहशतदर्गों का होगा अब इजरायली इलाज, नेतन्याहू ने पीएम मोदी को फोन करके क्या कहा?
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और जम्मू-कश्मीर... -
रूस ने पूरे यूक्रेन पर कब्जा नहीं कर ‘काफी बड़ी रियायत’ दी है : ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि रूस ने यूक्रेन में युद्ध को समाप्त...