देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा अब ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में मुंबई में अपनी आगामी सीरीज सिटाडेल का प्रमोशन शुरू किया है, जिसे लेकर वो सुर्खियों में छाई हुई हैं।प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने अपने एक नए इंटरव्यू में एक्ट्रेस के करियर को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे फिल्म इंडस्ट्री में नई नवेली प्रियंका ने स्ट्रगल किया। एक समय पर तो कई फिल्में भी उनकी हाथ से निकल गई थी क्योंकि उन्होंने कुछ सीन्स करने से मना कर दिया था।
साल 2000 में मिस वर्ल्ड बनने के बाद प्रियंका चोपड़ा ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री के साथ शुरुआत की। एक्ट्रेस ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत तमिल फिल्म थमिजान (2002) के साथ की। इसके बाद उन्होंने 2003 में फिल्म द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई के साथ बॉलीवुड में कदम रखा।
इंडस्ट्री से थीं अनजान
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में प्रियंका चोपड़ा के स्ट्रगल के अनुभव को शेयर करते हुए मधु चोपड़ा ने कहा कि बेटी को सपोर्ट करने के लिए वो खुद एक्ट्रेस के साथ हर मीटिंग और नैरेशन के लिए जाती थीं, लेकिन दोनों ही इंडस्ट्री के काम करने के तरीके से पूरी तरह अनजान थे। ये कुछ ऐसा था कि एक अंधा दूसरे अंधे को रास्ता दिखा रहा है।मधु चोपड़ा ने जोश टॉक्स आशा के साथ बातचीत में कहा, “प्रियंका और मैं दोनों इंडस्ट्री और फैशन वर्ल्ड में नए थे। तो ये ऐसा था जैसे एक अंधा आदमी दूसरे अंधे आदमी को रास्ता दिखा रहा हो। मैंने लॉ की पढ़ाई की थी और फाइनेंस जानती थी। इसलिए, उसके अच्छे वकील होने के बावजूद मैं उसके कानूनी मामला देखती थी। मैं उसके पैसों से जुड़े काम भी देखती थी क्योंकि मेरे पास जानकारी थी। मैं उनके साथ हर जगह जाती थी, चाहे मीटिंग हो या फिर नैरेशन।”बातचीत में मधु ने ये भी बताया कि कैसे प्रियंका के हाथ से कई फिल्में निकल गई, जब उन्होंने वो सीन्स करने से मना कर दिया, जो उन्हें जरुरी नहीं लगते थे। मधु ने कहा, “एक दिन हमने फैसला किया कि प्रियंका कोई मीटिंग नहीं करेंगी, कहीं बाहर नहीं जाएंगी, शाम 7-7.30 बजे के बाद वो किसी से नहीं मिलेंगी।”