मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया राजर्षि टंडन के जन्मदिन
प्रयागराज।
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के मुख्य परिसर सहित विश्वविद्यालय के सभी क्षेत्रीय केंद्रों में भारत रत्न राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। मुख्यालय में आयोजित समारोह में कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने राजर्षि टंडन की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि हमें इस बात का गौरव होना चाहिए कि राजर्षि टंडन जैसे महापुरुष के नाम पर इस विश्वविद्यालय का नामकरण हुआ है। वह सादगी की प्रतिमूर्ति थे। हिंदी के अनन्य उपासक थे। राजनीति में रहकर भी सच्चाई के मार्ग पर वह अडिग थे। आज उनके जन्मदिन के अवसर पर हम सभी यह संकल्प लें कि इस विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई तक ले जाएंगे। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर राजर्षि टंडन जैसे महापुरुष के व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में भावी पीढ़ी के सामने हमें आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के युवा छात्र-छात्राओं को राजर्षि टंडन जी के बारे में जानने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो पी पी दुबे, प्रो ओम जी गुप्ता, प्रो सत्यपाल तिवारी, प्रो जी एस शुक्ल, प्रो पी के स्टालिन, प्रो पी के पांडेय, प्रो एस कुमार, प्रो रुचि बाजपेई, प्रो छत्रसाल सिंह, प्रो जे पी यादव, परीक्षा नियंत्रक डी पी सिंह, संपत्ति अधिकारी डॉ अनिल सिंह भदौरिया आदि ने राजर्षि टंडन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इसी क्रम में क्षेत्रीय केंद्र प्रयागराज पर राजर्षि टंडन जी के जन्म दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिनमें सफल छात्रों आशीष कुमार सिंह, संदीप सिंह, सुप्रिया चौरसिया, अंकिता कुमारी को क्षेत्रीय समन्वयक डॉ अभिषेक सिंह ने पुरस्कृत किया।
विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र गोरखपुर, अयोध्या, झांसी, आगरा, मेरठ, लखनऊ, बरेली, कानपुर, आजमगढ़, वाराणसी तथा नोएडा आदि केंद्रों पर राजर्षि टंडन के जन्मदिवस को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राजर्षि टंडन के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।