वित्त मंत्री ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को लेकर मंत्री नन्दी की तारीफ की*
*देश के 11 इंडिस्ट्रियल कॉरिडोर में अमृतसर कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरीडोर के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के आगरा-प्रयागराज-नोएडा के एरिया हैं शामिल*
देवेन्द्र त्रिपाठी
(मुख्य संवाददाता-हर बात)
दिल्ली।
देश की राजधानी दिल्ली में अपेक्स मानीटरिंग अथारिटी फार नेशनल इंडस्ट्रियल कारिडोर डेवलेपमेंट इम्प्लीमेंटेशन ट्रस्ट की पहली बैठक वित मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। दिल्ली के होटल अशोका में आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतिनिधि के रूप में कैबिनेट मंत्री व उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी मौजूद रहे। बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही 6 राज्यों के मुख्यमंत्री और 7 राज्यों के उद्योग मंत्रीगण प्रत्यक्ष व वर्चुअल शामिल हुए!
रेल मंत्री, उद्योग मंत्री और वित मंत्री ने देश के विभिन्न औद्योगिक मसलों पर मुख्यमंत्रियों से विस्तार से वार्ता की। बैठक के दौरान ही उत्तर प्रदेश में बढ़ रही औद्योगिक संभावनाओं, तेजी से बन रहे एक्सप्रेसवे और विकास परियोजनाओं को लेकर वित मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी के कार्यों की तारीफ की।
बैठक में देश में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर प्रोजेक्ट्स की प्रगति, रुकावटों व समस्याओं के समाधान पर व्यापक विमर्श हुआ! इससे सम्बन्धित अत्यंत महत्वपूर्ण सुझाव आये!
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रतिभाग करते हुए औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट्स की बेहतरीन कनेक्टिविटी के कारण उद्यमियों की पहली पसंद बनकर उभरा है!
मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी वाला राज्य बनाने की दिशा में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका है! हमारी सरकार उत्तर प्रदेश को मिले नोड्स ( आगरा, प्रयागराज, ग्रेटर नोएडा ) को समयबद्ध पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है!
मंत्री नन्दी ने बताया कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आादित्यनाथ के नेतृत्व में औद्योगिक विकास के क्षेत्र में बहुत तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। तीन जून को लखनऊ में भव्य और सफलतम ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी-3 का आयोजन किया गया। जिसके जरिये 80 हजार 264 करोड़ रूपये के निवेश अगले पांच साल के लिए उत्तर प्रदेश में होने जा रहे हैं।
मंत्री नन्दी ने बताया कि नोएडा में इंडस्ट्रियल टाउनशिप का कार्य तेजी से चल रहा है, छह कम्पनियों को भूमि का आवंटन किया जा चुका है। साथ ही साथ हमारे मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब दादरी नोएडा में ही आ रहा है। कहा कि मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के लिए नोएडा व दादरी में 1143 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण हो चुका है। अगले महीने 205 एकड़ और भूमि पर अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। मत्री नन्दी ने बताया कि पीएम गतिशक्ति के अंतर्गत जो प्रोजेक्ट भेजे गए हैं, भारत सरकार द्वारा उनका अप्रूवल कर दिया गया है। देश के 11 इंडिस्ट्रियल कॉरिडोर में अमृतसर कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरीडोर के अंतर्गत
आगरा-प्रयागराज-नोएडा के एरिया आ रहे हैं। मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब में ग्रेटर नोएडा और दादरी का एरिया आ रहा है।