लालगोपालगंज । बुद्ध पूर्णिमा के पर्व पर श्रृंगवेरपुर धाम में आस्थावानों की भीड़ जुटी रही। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा। सुबह से ही स्नान करने वालो का जत्था सड़को से रवाना हुआ। स्थानीय तीर्थपुरोहितों ने आने वाले श्रद्धालुओं का पूजन पाठ सम्पन्न कराया।
वैशाख माह की पूर्णिमा पर सुबह से ही श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। माता गंगा को फूल माला और नए वस्त्र भी चढ़ाए। जिसके उपरांत विधि विधान से पूजन पाठ सम्पन्न कराया। इसी क्रम में शांता श्रृंगी ऋषि मन्दिर में दर्शन करने वालो की भीड़ जुटी रही। सुबह से ही मंदिर के कपाट खुले रहे। श्री तुलसी साहित्य प्रचार समिति के पदाधिकारी सुबह से ही अपने टीम के साथ श्रीराम घाट पर जुटे रहे। श्री तुलसी साहित्य प्रचार समिति के उपाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अगुवाई में श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसी के साथ भक्तो को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए नाव का भी प्रबंध किया गया। वही गर्भवती महिलाओं ने सन्तान प्राप्ति के लिए मनोकामनाएं मांगी। मंदिर में चीर बांधकर परिवार की कुशलता के लिए आशीष भी मांग। श्रीराम घाट की सीढ़ियों में तिल रखने की भी जगह नही बची। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि प्रशासन को सुबह से ही घाट के बंदोबस्त में लगना पड़ा।