दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल सोमवार शाम अयोध्या पहुंचे। जहां शाम को वह सरयू आरती में शामिल हुए और साधु-संतों के साथ भेंट की। सरयू तट पर उन्होंने जयश्री राम का उद्घोष भी किया। आज सुबह आठ बजे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हनुमानगढ़ी जाएंगे। इसके बाद वे रामलला का दर्शन-पूजन भी करेंगे।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल दो दिन के यूपी दौरे पर हैं। वे रविवार को लखनऊ से सुलतानपुर आए थे। इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने एमपी एमएलए कोर्ट में चल रहे मुसाफिरखाना व गौरीगंज के मुकदमे में स्वेच्छा से जमानत कराने की अर्जी विशेष जज पीके जयंत को दी थी। सुप्रीम कोर्ट की विशेष अदालत ने सीएम अरविंद केजरीवाल की व्यक्तिगत उपस्थिति पर स्टे दे दिया था। अब इन्होंने स्वेच्छा से उपस्थित होकर जमानत की अर्जी दी थी जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इसके बाद अरविंद केजरीवाल एमपी एमएलए कोर्ट गए जहां उनकी पेशी चली। अमेठी व गौरीगंज में 2014 में चुनावी दौरे के दौरान मुकदमा दर्ज हुआ था। कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल का जमानतनामा मंजूर कर लिया था, आरोपों से मुक्त होने की अर्जी को खारिज कर दिया। आरोप के आधार पर साक्ष्यों पर सुनवाई अब तीन नवंबर को होगी। वहीं दोपहर तीन बजे करीब अरविंद केजरीवाल अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने हाईवे स्थित एक होटल में विश्राम किया। इसके बाद अरविंद केजरीवाल अयोध्या के लिए रवाना हुए। जहां देर शाम को उन्होंने सरयू तट पर पहुंचकर आरती की। जहां उन्होंने कहा कि भारत को अब तक दुनिया का सबसे अग्रणी देश हो जाना चाहिए था। उन्होंने भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए भी भगवान राम से प्रार्थना की। कहा, 130 करोड़ भारतवासी मिल कर इस सपने को पूरा कर सकते हैं। अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को होटल पंचशील में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की।