रामनगरी अयोध्या में इस बार दीपोत्सव में रामकीपैड़ी पांच लाख 50 हजार दीपों से रोशन होगी। 11 से 13 नवंबर तक दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्याक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर एलइडी वैन लगाई जाएगी, जिससे लोग महोत्सव को देख सकें। कोविड-19 की वजह से इस बार के कार्यक्रम में आम जनमानस भागीदारी बेहद सीमित संख्या में होगी। इस बार मुख्य कार्यक्रम से एक दिन पूर्व 12 नवंबर को साकेत डिग्री कॉलेज से रामकथापार्क तक रामायाण काल पर आधारित 11 झांकियां निकाली जाएगी।
अयोध्या में आगामी 13 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम रामकथा पार्क, रामकी पैड़ी, नयाघाट, सरयू आरती स्थल पर होगा। रामकथा पार्क में मुख्य अतिथि भगवान राम माता सीत व लक्ष्मण जी के स्वरूप की आरती करेंगे। विधि विधान से राज्याभिषेक किया जाएगा। हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा होगी। शाम को सरयू आरती के बाद भजन संध्या स्थल पर रामलीला का आयोजन होगा। राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलित किया गया है। दीप प्रज्वलन के दौरान राम की पैड़ी पर रामदरबार भी सजेगा।कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें दीपोत्सव की कार्ययोजना रखी गई। मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने बताया कि इस बार दीपोत्सव तीन दिनी होगा। जिलाधिकारी अनुज झा ने बताया कि कार्यक्रम में बिना मास्क के किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी कार्यक्रम स्थलों पर कोविड हेल्प-डेस्क बनेगी, जहां सैनिटाइजर व मास्क उपलब्ध रहेगा। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को अयोध्या से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कर्मियों की टीमें लगाने का निर्देश दिया है।