हाईकोर्ट बार एसोसिएशन: अमरेन्द्र नाथ सिंह अध्यक्ष, प्रभाशंकर मिश्रा महासचिव

जमील अहमद आजमी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दुर्गेश चन्द्र तिवारी कोषाध्यक्ष निर्वाचित

प्रयागराज। एशिया की सबसे बड़ी बार हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष के पदों का परिणाम देरशाम घोषित कर दिया गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार कौंसिल आॅफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन अमरेन्द्र नाथ सिंह चुनाव जीत गए हैं।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अमरेन्द्र नाथ सिंह ने कुल 2265 मत हासिल किए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पूर्व अध्यक्ष राधाकांत ओझा को 249 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। राधाकांत ओझा कुल 2016 मत पाकर दूसरे नम्बर पर रहे। जबकि पूर्व अध्यक्ष अनिल तिवारी 1496 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे हैं। इसी प्रकार वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता जमील अहमद आजमी को 1797 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम उम्मीदवार राजेश्वर सिंह को 486 मतों से हराया। राजेश्वर सिंह को कुल 1311 मत और पीयूष शुक्ला 1246 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। महासचिव पद पर प्रभाशंकर मिश्रा ने भी जीत हासिल की है। उन्होंने 2413 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सत्यधीर सिंह जादौन को 705 मतों से पराजित किया है। सत्यधीर सिंह जादौन को कुल 1708 मत मिले। जबकि अखिलेश कुमार शर्मा को 1442 मत मिले।
प्रभाशंकर मिश्रा बार में दूसरी बार महासचिव के पद पर निर्वाचित हुए हैं। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता दुर्गेश चन्द्र तिवारी विजयी हुए हैं। दुर्गेश चन्द्र तिवारी ने कुल 2963 मत हासिल किए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय कुमार मिश्रा को 1588 वोटों से हराया है। अजय कुमार मिश्रा को कुल 1375 मत मिले। जबकि रणविजय सिंह को 1349 मत पाकर संतोष करना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद पर विजयी दुर्गेश चन्द्र तिवारी ने कोषाध्यक्ष पद पर सबसे अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करायी है। उन्हें कुल 2963 मत मिले, जो किसी भी प्रत्याशी को नहीं मिले। मुख्य चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी ने बताया कि संयुक्त सचिव प्रशासन, लाइब्रेरी, प्रेस और महिला की गिनती जारी है।

Related posts

Leave a Comment