प्रयागराज । भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज महानगर कार्यालय पर काशी क्षेत्र की प्रवासी कार्यकर्ता कार्यशाला आहूत की गई। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में राज्यसभा सांसद एवं चुनाव के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश की सह प्रभारी सरोज पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों के बीच जाकर स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास ,चिकित्सा, शुद्ध पेयजल, उज्ज्वला, आवास आदि प्रमुख विषयो पर चर्चा कर जनमानस से संवाद स्थापित करें और सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियो से अवगत कराएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में 100 करोड़ से ज्यादा लोगों का निशुल्क टीकाकरण व 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन एक बहुत बड़ी उपलब्धि है और इन योजनाओं का लाभ सभी को समान रूप से मिला है। हमारे बूथ अध्यक्ष व बूथ समिति के सदस्य अपने बूथ स्तर पर इन कार्यो का प्रचार प्रसार करें। उन्होंने कहा कि चुनाव के दृष्टिकोण से अपने पन्ना प्रमुख एवं बूथ स्तर तक कि व्यवस्था को मजबूत बनायें ताकि भाजपा हर बूथ पर विजयी हो। अगर हमने बूथ पर विजय प्राप्त कर ली तो हर विधान सभा का परिणाम हमारे पक्ष में होगा।
काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब चुनाव सन्निकट है और हर कार्यकर्ता को परिश्रम की पराकाष्ठा को पार करते हुए मेहनत करने की आवश्यकता है। हर कार्यकर्ता अपने को यह समझ कर कार्य में लगे कि वह स्वयं चुनाव लड़ रहा है। आज संगठन को आप की आवश्यकता है हम सभी का दायित्व है कि संगठन के द्वारा चलाए जा रहे हर अभियान तथा हर कार्यक्रम में हम अपनी सहभागिता शत प्रतिशत करें।
झारखण्ड के संगठन महामन्त्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि यूपी चुनाव की सह प्रभारी सरोज पांडे ने दावा किया कि हम बहुत अच्छे स्थिति में है। हमारी पहले जितने वाली सीटें थी हम अपनी पूरी सीटों पर पुनः चुनाव जीतकर आएंगे। हमारा लक्ष्य भी है कि हम लोगों ने जो कार्य किए हैं, जनता हम लोगों को आशीर्वाद देकर हमे जीत दिलाए।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन के अवसर पर महानगर के प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता अभियान , मठ मंदिरों में पूजन अर्चन, घर-घर में दीप जलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा उत्साह एवं उमंग पूर्वक किए जाएंगे
कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव,महानगर अध्यक्ष गणेश केशरवानी,यमुनापार अध्यक्ष विभवनाथ भारती, गंगापार अध्यक्ष अश्वनी द्विवेदी,प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. शैलेश कुमार पाण्डेय,महानगर उपाध्यक्ष राजू पाठक,काशी क्षेत्र महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मन्त्री वन्दना सिंह,गिरिजेश मिश्र,संजय गुप्ता, राजेश केसरवानी आकाश गुप्ता, राबिन साहू, राजेश सिंह पटेल मनोज कुशवाहा प्रमोद मोदी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे