सुष्मिता कानूनगो अन्तर्राष्ट्रीय एजुकेशन एक्सेलेंस अवार्ड्स-2023 में होंगी शामिल

प्रयागराज। शिक्षा के क्षेत्र में अपना अमूल्य योगदान देने व अपने कुशल प्रशासनिक कौशल से नित नयी सफलता अर्जित करने वाली जगत तारन गोल्डेन जुबिली स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सुष्मिता कानूनगो 7 दिसम्बर से 9 दिसम्बर को मुम्बई में सी.बी.एस.ई सहोदय काम्प्लेक्स द्वारा आयोजित सहोदय वार्षिक सम्मेलन-2023 में भाग लेंगी। यह संस्था उन सी.बी.एस.ई.  संबद्ध स्कूलों का समूह है, जो स्कूली शिक्षा में पठन-पाठन के सर्वश्रेष्ठ तरीकों और नवाचार रणनीतियों को साझा करने के लिए स्वैच्छिक रूप से एकजुट होते हैं। ध्यातव्य है कि वह सहोदय, प्रयागराज की नगर समन्वयक भी हैं।
उक्त प्रतिभागिता के अतिरिक्त 11 दिसम्बर से 15 दिसम्बर की अवधि में दुबई के हयात प्लेस, अल रिगा में वह प्रयागराज के गौरव में वृद्धि करते हुए एजुकेशन एक्सेलेंस अवार्ड्स-2023 में भी सम्मिलित होंगी। लगभग 30 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली सुष्मिता कानूनगो प्रयागराज की प्रथम प्रधानाचार्या हैं जो इस उपलब्धि की प्राप्तकर्ता हैं। वह शैक्षिक क्षेत्र में अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता, व्यवहारकुशलता, दूरदर्शी दृष्टिकोण एवं शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों व खेलकूद के श्रेष्ठ समन्वय व क्रियान्वयन के लिए जानी जाती हैं। पूर्व में वह डी.पी.एस वाराणसी, गंगागुरुकुलुम एवं महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर की भी प्रधानाचार्या रह चुकी हैं।
इस गौरन्वान्वित उपलब्धि पर सम्पूर्ण विद्यालय परिवार हर्षित व उत्साहित है।

Related posts

Leave a Comment