बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का कहना है कि बिहार में गठबंधन की राजनीति एक ‘‘वास्तविकता’’ है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) इसके त्रिकोण हैं तथा इनमें से किसी को इस मुगालते में नहीं रहना चाहिए कि वह अपने बूते चुनाव जीतकर सरकार बना सकता है। बिहार भाजपा के कद्दावर नेता मोदी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सामने राजद के नेतृत्व वाला विपक्षी महागठबंधन दूर-दूर तक नहीं टिकता और अगला विधानसभा चुनाव राजग के सभी घटक दल मिलकर लड़ेंगे और सफलता हासिल करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा जदयू और राजद बिहार की राजनीति के त्रिकोण हैं और गठबंधन एक वास्तविकता है। इसे लेकर किसी को कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। आज कोई भी एक दल अपने बलबूते पर चुनाव जीतकर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि 2015 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अलग चुनाव लड़कर देख चुकी है, जबकि 2014 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू लोकसभा का अलग चुनाव लड़कर देख चुका है। मोदी ने कहा, ‘‘भाजपा को अपनी ताकत के बारे में कोई गलतफहमी नहीं है। हम मजबूत हैं और हमारा संगठन भी है। लेकिन मिलजुलकर चुनाव लड़ेंगे तभी हम लोगों को सफलता मिलेगी। इसे लेकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व में भी कहीं कोई भ्रम नहीं है।’’ उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीच के दो-ढाई साल छोड़ दें तो बिहार के अंदर ये गठबंधन बहुत ही मजबूती के साथ 1996 से चल रहा है। एक बेहतर तालमेल के साथ इस गठबंधन ने बिहार में एक अच्छी सरकार दी है। उन्होंने कहा, ‘‘अगला चुनाव हमलोग मिलकर लड़ेंगे और सफल होंगे।’’ इसी महीने बिहार विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है। बिहार चुनाव, कोरोना वायरस महामारी के दौरान होने वाले भारत के पहले विधानसभा चुनाव होंगे। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त हो रहा है। राजग के घटक दलों जदयू और लोजपा के बीच चल रहे वाकयुद्ध और कुछ मुद्दों पर एक दूसरे की असहमतियों को उन्होंने क्षणिक करार दिया और उम्मीद जताई कि समय आने पर इसका भी समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘सभी दलों का नेतृत्व बहुत परिपक्व और समझदार है। इसलिए सब ठीक हो जाएगा। लोजपा जदयू और भाजपा के गठबंधन में कोई दरार नहीं आएगी। मिलजुलकर चुनाव लड़ेंगे।’’ कोरोना महामारी के दौरान राज्य सरकार के प्रबंधन और प्रवासी मजदूरों को लेकर राज्य सरकार के रवैये पर उठे सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कोई नाराजगी नहीं है। प्रारंभ में किसको मालूम था कि कितने मजदूर आएंगे। लॉकडाउन लगेगा ये किसी को मालूम था क्या? शुरूआती दिनों में जरूर कुछ अव्यवस्थाएं रहीं, लेकिन 10 दिनों में सब कुछ नियंत्रित कर लिया गया।’’ गठबंधन में भाजपा कब नेतृत्व की भूमिका में आएगी, इस बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंनेप्रतिप्रश्न करते हुए कहा कि भाजपा ने बिहार की राजनीति में आज जो जगह बनाई है, वह कम थोड़े ही है। साथ ही उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह पार्टी ने तय कर दिया है। पहले से ही नीतीश जी मुख्यमंत्री हैं। बार-बार कोई मुख्यमंत्री थोड़े ही बदला जाता है। नीतीश जी को लेकर कोई किन्तु-परन्तु नहीं है। हम उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। भाजपा न सिर्फ अपने उम्मीदवारों को बल्कि सहयोगी दलों के उम्मीदवारों को भी जिताने में जी जान से काम करेगी।’’ राजद, कांग्रेस और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) सहित कुछ अन्य दलों के विपक्षी ‘‘महागठबंधन’’ को मोदी ने आगामी विधानसभा चुनाव में ‘‘कोई बड़ी चुनौती’’ मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष का गठबंधन हमारे गठबंधन के सामने कहीं भी दूर-दूर तक नहीं टिकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी न विश्वसनीयता है, न कोई नेतृत्व है न ही नेतृत्व की कोई विश्वसनीयता है। न पारदर्शिता है। पूरा नेतृत्व भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।’’
Related posts
-
आतंकियों को कल्पना से भी बड़ी सजा देंगे’, बिहार से PM Modi की हुंकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार में है। बिहार में उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास... -
पहलगाम हमले के बीच भारत ने छोड़ी मिसाइल, हिल गया पूरा पाकिस्तान
एक तरफ घाटी में गोलियों की आवाज गूंजी। पहलगाम में कायराना आतंकी हमले से देश गम... -
पहलगाम आतंकी हमले पर सर्वदलीय बैठक खत्म, राजनाथ ने विपक्ष को दी पूरी जानकारी
मंगलवार को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हम लोग को लेकर केंद्र सरकार ने...