पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के यूपी, बिहार और दिल्ली के लोगों को भइये कहने और पंजाब में ना घुसने देने के बयान पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने गुरुवार को कहा कि यह चन्नी नहीं पूरी कांग्रेस की ही भाषा है। वह यहां किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी महेश त्रिवेदी के समर्थन मेंं रोड शो करने आईं थीं।
उन्होंने कहा कि अपना दल ऐसी किसी भी भाषा का विरोध करती है क्योंकि यह कतई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दल अभी से जीत की बातें कर रहे हैं। यह उनके लिए मुंगेरी लाल के हसीन सपनों की तरह है।
किदवई नगर में संजय वन स्थित हेलीपैड पर उतरीं अनुप्रिया पटेल बर्रा आठ पहुंचीं। वहां से रोड शो शुरू हुआ। वह एक रूफ ओपन कार में चल रही थीं और पीछे एक वाहन पर बने रथ पर भाजपा प्रत्याशी महेश त्रिवेदी और दक्षिण जिलाध्यक्ष डा. वीना आर्या थीं। बर्रा आठ सब्जी मंडी से रोड शो के सााथ समर्थक नारेबाजी करते हुए चले। बाईपास के समानांतर सड़क पर चलते हुए सभी विश्व बैंक कालोनी बर्रा पहुंचे।यहीं रोड शो खत्म हो गया और अनुप्रिया पटेल घाटमपुर रवाना हो गईं। रोड शो में प्रबोध मिश्रा, अरविंद, रीता शास्त्री, विजया तिवारी, रंजना शुक्ला, नवीन श्रीवास्तव, राहुल पोरवाल, हेमंत सचान, किशन जायसवाल, आलोक सविता, देवंद्र सचान रहे।