साल बाद भाजपा ने रचा इतिहास, ढह गए कई अभेद्य दुर्ग, दिग्गजों को देखना पड़ा हार का मुंह

उत्‍तर प्रदेश विधान सभा चुनाव का परिणाम सत्ताधारी भाजपा और विपक्ष सपा दोनों के लिए अहम रहा। जहां भाजपा ने 37 वर्ष बाद लगातार दूसरी बार शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता हासिल की है, वहीं सपा ने पिछला प्रदर्शन सुधारते हुए दोगुनी से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके बाद भी दोनों दलों के दिग्गजों को हार का मुंह देखना पड़ा।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित योगी सरकार के 11 मंत्री चुनाव हार गए हैं। इनमें तीन कैबिनेट, दो राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और छह राज्य मंत्री है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सिराथू सीट पर सपा के चिन्ह पर चुनाव लड़ीं अपना दल (कमेरावादी) की पल्लवी पटेल से 7337 मतों से चुनाव हारे हैं। प्रतापगढ़ जिले की पट्टी सीट पर ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह सपा प्रत्याशी राम सिंह पटेल से करीब तीन हजार वोटों से हार गए हैं।राम सिंह दस्यु सरगना रहे ददुआ के भतीजे हैं। गन्ना मंत्री सुरेश राणा शामली की थाना भवन सीट पर रालोद के अशरफ अली खान से 10806 वोटों से पराजित हुए हैं। बलिया जिले की फेफना सीट से युवा कल्याण व खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी को सपा के संग्राम सिंह यादव ने 19085 वोटों से मात दी। सिद्धार्थनगर की इटवा सीट पर बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सतीश चंद्र द्विवेदी को सपा के माता प्रसाद पांडेय ने 1662 वोटों से हराया।

फतेहपुर की हुसैनगंज सीट से खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह धुन्नी को सपा की ऊषा मौर्य ने 25181 वोटों से हराया। बलिया की बैरिया सीट से ग्राम्य विकास राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला को सपा के जयप्रकाश अंचल ने लगभग 13 हजार वोटों से पराजित किया। औरैया की दिबियापुर सीट पर कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत को सपा के प्रदीप कुमार यादव ने 473 वोटों से हराया।

लोक निर्माण राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय को सपा के अनिल प्रधान ने 20 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। बरेली की बहेड़ी सीट पर राजस्व राज्य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार को सपा के अताउर्रहमान ने तीन हजार से ज्यादा वोटों से हराया। सहकारिता राज्य मंत्री संगीता बलवंत को गाजीपुर सीट पर सपा के जयकिशन ने 1692 वोटों से हराया।

बलिया जिले की बांसडीह सीट से आठ बार के विधायक और नेता विपक्ष रामगोविंद चौधरी पराजित हो गए हैं। उन्हें भाजपा गठबंधन की निषाद पार्टी प्रत्याशी केतकी सिंह ने तीन हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया। मथुरा जिले की मांट सीट से आठ बार के विधायक श्याम सुंदर शर्मा इस बार भाजपा प्रत्याशी से पराजित हो गए हैं।

भाजपा सरकार में श्रम मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव के ऐन वक्त पर पाला बदलकर सपा में शामिल हुए थे। इस बार कुशीनगर जिले की फाजिलनगर सीट से सपा के टिकट पर मैदान में थे, उन्हें भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह ने 26 हजार से अधिक अंतर से पराजित किया। सहारनपुर जिले की नकुड़ विधान सभा सीट से सपा प्रत्याशी व भाजपा सरकार के पूर्व आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी को पाला बदल भारी पड़ा। उन्हें भाजपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी ने हराया।

Related posts

Leave a Comment