प्रयागराज : महाकुंभ-2025 में दो स्नान (पौष पूर्णिमा और मकर संक्रांति) खत्म होते ही प्रयागराज नगर निगम बुधवार से एक बार फिर से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में जुट गया है। इसके साथ ही शीत लहर को देखते हुए स्टेशन सहित अन्य जगहों और मांग को देखते हुए अलाव की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया है।
दरअसल, संगम क्षेत्र के अलावा भी नगर निगम की ओर से शहर में स्थाई और अस्थाई शौचालय के इंतजाम किए गए हैं। इन सभी शौचालय की सफाई और उनमें पानी की व्यवस्था कर गुरुवार सुबह तक रिपोर्ट मांगी गई है। नगर आयुक्त श्री चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि श्रद्धालु अभी संगम में स्नान करने के बाद लौट रहे हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं का आना भी जारी है। ऐसे में सभी रास्तों पर रुकने, अस्थाई शौचालय, अलाव और पेयजल के इंतजाम किया जाए। किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को समस्या नहीं आनी चाहिए।
अतिरिक्त नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव ने बताया कि जहां कहीं भी श्रद्धालुओं के बैठने और रुकने का इंतजाम है, वहां अलाव की व्यवस्था करने को कहा गया है। अभी 6 दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है, ऐसे में श्रद्धालुओं और लोगों को किसी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा सभी जगहों सड़कों और पार्कों की सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए।