प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से अगले 100 दिनों तक नये जोश और आत्मविश्वास के साथ काम करने तथा नये मतदाताओं तक पहुंचने एवं उनका विश्वास जीतने का आह्वान किया ताकि लोकसभा चुनावों में मजबूत जनादेश के साथ पार्टी तीसरी बार भी सत्ता में आए। मोदी ने यहां भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि देश को अब बड़े सपने देखने होंगे और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लिए बड़े संकल्प लेने होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें अगले पांच वर्षों की बहुत बड़ी भूमिका होने जा रही है।अगले पांच सालों में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। अगले पांच सालों में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है। इन सारे लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पहली शर्त है सरकार में भाजपा की जोरदार वापसी।’’ भाजपा के दो-दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर से पार्टी के लगभग 10,000 सदस्यों ने भाग लिया। भारत मंडपम में अपने 65 मिनट के भाषण में मोदी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि उनमें वैचारिक या सिद्धांतों के आधार पर भाजपा का सामना करने का साहस नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘वह (कांग्रेस) इतनी हताश है कि उसमें सैद्धांतिक या वैचारिक विरोध का साहस भी नहीं बचा है।
इसलिए गाली-गलौज और मोदी पर झूठे आरोप ही उनका एकमात्र एजेंडा बन गया है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा को सिर्फ सरकार बनाने के लिए लोगों को नहीं जोड़ना है, बल्कि देश बनाने के लिए लोगों को जोड़ना है। मोदी ने कहा कि हर भारतीय के जीवन को बदलने और बहुत कुछ हासिल करने के लिए बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में भारत ने जो गति हासिल की है और बड़े लक्ष्य प्राप्त करने का जो हौसला पाया है…वह अभूतपूर्व है। इसलिए नहीं कि मैं कह रहा हूं। आज दुनिया गाजे-बाजे के साथ बोल रही है।’’
उन्होंने कहा कि भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है और यह संकल्प है ‘विकसित भारत’ का। उन्होंने कहा, ‘‘अब देश छोटे सपने नहीं देख सकता है और ना ही देश अब छोटे संकल्प ले सकता है। सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। हमारा सपना भी है और हम सब का संकल्प भी है कि हमें भारत को विकसित बनाना है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विपक्ष के नेता भी ‘अगली बार मोदी सरकार’ बोल रहे हैं और ‘अगली बार राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार, 400 पार’ के नारे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘राजग को 400 पार करने के लिए भाजपा को 370 के मील का पत्थर पार करना ही होगा।’’