ज्ञान वर्धन के साथ मनोरंजनपूर्ण है आजादी क्वेस्ट-ऐश सिंह
प्रयागराज । भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की कहानी को सामने लाने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने जिंगा इंडिया के सहयोग से विकसित, ऑनलाइन शैक्षिक मोबाइल गेम्स की श्रृंखला ’आजादी क्वेस्ट’ को जारी किया। आजादी का अमृत महोत्सव’ के आयोजन के हिस्से के रूप जारी इस गेम श्रृंखला के बारे में छात्र-छात्राओं सहित स्वयं संवको को जागरूक करने के लिए आज कन्हैया बक्स सिंह इण्टरमीडिएट कालेज गांधीनगर धोकरी सैदाबाद प्रयागराज में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। केन्द्रीय संचार ब्यूरो प्रयागराज द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी नेहरू युवा केन्द्र एशा सिंह, प्रबन्धक राजेन्द्र सिंह राणा, प्रधानाचार्य महेन्द्र प्रताप सिंह, स्वयंसेवक कुलदीप मिश्रा सहित सैकड़ों छात्र-छात्राओं सहित अध्यापकगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय संचार ब्यूरो प्रयागराज के उप निदेशक आरिफ हुसैन रिज़वी ने छात्रों से इस ज्ञानवर्धक अभियान से जुड़ने का आह्वान किया और कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम में हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और गुमनाम नायकों के योगदानों का सम्मान करने की दिशा में सरकार द्वारा किए गए विभिन्न प्रयासों की श्रृंखला में एक और कदम है। एशा सिंह जिला परियोजना अधिकारी ने विस्तार से बताते हुए कहा, “ये गेम ऑनलाइन गेम खेलने वालों के विशाल बाजार का उपयोग करने और गेम के माध्यम से उन्हें शिक्षित करने की दिशा में एक प्रयास है। भारत सरकार के विभिन्न विभागों ने देश के कोने-कोने से गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जानकारी एकत्रित की है। आज़ादी क्वेस्ट इन जानकारियों से मिलने वाली सीख को आकर्षक और संवादात्मक बनाने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि ज्ञान वर्धन के साथ मनोरंजनपूर्ण है आजादी क्वेस्ट। कुलदीप सिंह राणा प्रबन्धक व महेन्द्र प्रताप सिंह प्रधानाचार्य ने इस गेम से जुड़ने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रयागराज के सहायक राम मूरत द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता संचालित करते हुए गेम डाउनलोड करने और खेलने के तरीके के बारे में जानकारी दी। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के दस विजयी प्रतिभागियों को विभाग की ओर पुरस्कार प्रदान किये गये। कुलदीप मिश्र स्वयं सेवक ने आजादी क्वेस्ट मैच 3 पजल और भारत के वीर गेम से सभी से जुडने का अनुरोध किया। कार्यक्रम का संचालन राम मूरत द्वारा किया गया तथा उपस्थित लोगों को न्यु इंडिया समाचार उपलब्ध कराया गया।