एक महीने तक चलने वाले देशव्यापी स्वच्छ भारत कार्यक्रम की हुई शुरुआत
प्रयागराज। हम भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं और ऐसे में हमें अपने देश को प्लास्टिक कचरे से मुक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए। स्वच्छ भारत कार्यक्रम की शुरुआत संगमनगरी से करने की खुशी है। यहां से निकला संदेश पूरे देश को प्रेरित करेगा। यह बातें प्रयागराज के एमएनएनआईटी में आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी स्वच्छ भारत कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कही।
उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी स्वच्छ भारत कार्यक्रम का उद्देश्य पूरे देश में कचरे की सफाई, मुख्य रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे की सफाई को लेकर जागरूकता पैदा करना, लोगों को संगठित करना और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (भारत सरकार) का युवा कार्यक्रम विभाग के नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस) से सम्बद्ध युवा मंडलों (यूथ क्लब) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से सम्बद्ध संस्थानों के नेटवर्क के माध्यम से यह अभियान देश भर के 744 जिलों के ढाई लाख गांवों में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा दिए गए सफाई के संदेश को मोदी जी आगे ले जा रहे हैं। हम सब मिलकर देश को कूड़े-कचरे से आज़ादी दिलाएंगे।
खेल मंत्री ने कहा इस महा पहल के माध्यम से 75 लाख किलो कचरे, मुख्य रूप से प्लास्टिक कचरे को एकत्र किया जाएगा और नागरिकों की मदद एवं स्वैच्छिक भागीदारी से उसका निपटान जाएगा। मंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए युवा जनों का विशेष आभार व्यक्त किया। श्री ठाकुर ने कहा कि सभी अपने तरफ से किये गए सफाई अभियान के प्रयास को सोशल मीडिया पर शेयर कीजिये और खुद द्वारा किये गए सफाई कार्य का खाता लिखिए। इसे ट्विटर पर हमें भी टैग कीजिये।
स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम के शुभारम्भ के दौरान उत्तर प्रदेश उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद केशरी देवी पटेल, युवा मामलों के मंत्री उपेंद्र तिवारी, युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव श्रीमती ऊषा शर्मा, नेहरू युवा केंद्र संगठन के महानिदेशक विजय कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के बाद अनुराग ठाकुर ने संगम क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया और स्वच्छता का संदेश दिया।
हालांकि, स्वच्छ भारत कार्यक्रम में मुख्य रूप से गांवों पर ध्यान दिया जाएगा। जनसंख्या के विशिष्ट वर्ग जैसे धार्मिक संगठन, शिक्षक, कॉर्पोरेट निकाय, टीवी एवं फिल्म अभिनेता, महिला समूह और अन्य भी एक विशेष निर्दिष्ट दिन पर स्वच्छ भारत कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। इस भागीदारी का उद्देश्य अभियान के प्रति उनकी एकजुटता का प्रदर्शन करना और इसे एक सार्वजनिक आंदोलन का रूप देना है।
जिला प्रशासन एवं नगर निगम के सहयोग से चिन्हित स्थानों पर कचरा संग्रह थैलों में एकत्रित कर उसका निपटान करने की विशेष योजना बनायी गयी है। इसके अलावा एकत्र किए गए कचरे के थैलों का वजन रसीद की पावती से मापा जाएगा।
गौरतलब है कि, स्वच्छता अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में की गयी थी और तब से, इस सम्बंध में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। स्वच्छ भारत कार्यक्रम नए सिरे से ध्यान दिए जाने और प्रतिबद्धता के साथ प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली पहल को आगे बढ़ा रहा है। यह वास्तव में हम सभी के लिए स्वच्छ भारत पहल का हिस्सा बनने का एक बड़ा अवसर होने जा रहा है।