मशहूर लेखक सलमान रुश्दी पर अमेरिका में बीते वर्ष हमला करने वाले हादी मातर को ईरान के एक फाउंडेशन ने इनाम दिया है। इस फाउंडेशन ने कहा है कि वो मातर को एक हजार स्क्वायर मीटर खेती की जमीन दे रहे हैं। खास बात यह है कि इसका ऐलान ईरान के सरकारी टीवी पर किया गया है। फाउंडेशन ने कहा कि रुश्दी अब जिंदा लाश से कम नहीं रहा।
भारतीय-कनाडाई अफशां यूएन के पोषण अभियान की संयोजक
वाशिंगटन। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने भारतीय-कनाडाई अफशां खान को पोषण अभियान ‘स्केलिंग अप न्यूट्रिशन मूवमेंट’ का संयोजक नियुक्त किया है। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बताया, कार्यक्रम 2030 तक कुपोषण के सभी रूपों को समाप्त करने के लिए 65 देशों और चार भारतीय राज्यों के नेतृत्व वाली एक पहल है।
भारत से प्रेरित होकर लंदन में शुरू होगी मध्याह्न भोजन योजना
लंदन। भारत की मध्याह्न भोजन योजना की तर्ज पर अब लंदन में भी योजना की शुरुआत होगी। मेयर सादिक खान ने स्कूली बच्चों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की योजना शुरू की है। यह यहां रहने में हो रही समस्या से निपटने में मदद करेगी। यह भारत की मिड-डे-मील योजना की तरह है। जानकारी के अनुसार, 130 मिलियन पाउंड का पायलट प्रोजेक्ट सितंबर-2023 से एक साल के लिए शुरू होगा।
जीन एडिटेड बच्चा बनाने वाले विज्ञानी ने छोड़ा चीन
बीजिंग। जीन एडिटेड बच्चा बनाकर दुनिया को तकनीक और नैतिकता पर बहस को मजबूर करने वाले वैज्ञानिक हे जियांकुई ने चीन छोड़ दिया है। उन्होंने मंगलवार को बताया कि वे अब दुर्लभ अनुवांशिक बीमारियों पर शोध कर उनका इलाज खोजेंगे। वे हांगकांग आ गए हैं। हे ने 2018 में अमेरिकी वैज्ञानिकों की ईजाद की गई क्रिस्पर कैस-9 तकनीक से दो जुड़वां बच्चियों के भ्रूणों की जीन एडिटिंग कर दुनिया में इस विषय की नैतिकता पर बहस खड़ी की थी।