राज्यस्तरीय विज्ञान कांग्रेस के लिए जनपद से दो बाल वैज्ञानिक चयनित

प्रयागराज। राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के ऑनलाइन जनपद स्तरीय आयोजन में मुख्य विषय ’सतत् जीवन हेतु विज्ञान’ से सम्बंधित प्रयागराज जनपद से दक्षयानी व आशीष कुशवाहा का चयन शुक्रवार को राज्य स्तरीय विज्ञान कांग्रेस में प्रतिभागिता के लिए किया गया।
राज्य सह समन्वयक डॉ.मोहम्मद मसूद के अनुसार प्रयागराज से चयनित पांच बाल वैज्ञानिकों में महर्षि विद्या मंदिर नैनी के समीर तिवारी, आर्मी पब्लिक स्कूल की दक्षयानी, एमपीवीएम गंगागुरुकुलम के वीर प्रताप सिंह, राजा कमलाकर इंटर कॉलेज शंकरगढ़ के आशीष कुशवाहा और महाप्रभु पब्लिक स्कूल के अभिनव मिश्रा का चयन किया गया। जिनमें से दो सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट दक्षयानी व आशीष कुशवाहा का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान कांग्रेस में प्रतिभागिता का लिए किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय समस्याओं पर आधारित सर्वेक्षणों एवं प्रयोगों द्वारा विभिन्न प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। बाल वैज्ञानिकों ने कोविड-19 से सम्बंधित इलेक्ट्रॉनिक सैनिटाइजर, कोरोना से बचने हेतु इम्यूनिटी पावर, कोरोना का गर्भवती महिलाओं पर प्रभाव व बचाव का अध्ययन, कोरोना से बचाव हेतु काढ़ा के उपयोग, पराली जलाने से हानि एवं उसके उचित निस्तारण, मौसमी बीमारियों में हर्बल औषधियों के उपयोग, जैविक एवं रासायनिक खादों के उपयोग का फसल उत्पादन पर तुलनात्मक अध्ययन, थर्माकोल, प्लास्टिक निर्मित प्लेट एवं अन्य सामग्रियों के स्थान पर पत्तलों एवं कागजों के उपयोग का अध्ययन आदि पर प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गये।

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के उप जिला समन्वयक एवं टैगोर पब्लिक स्कूल के वरिष्ठ रसायन शास्त्र प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष कोविड-19 के कारण विज्ञान कांग्रेस का जनपद स्तरीय आयोजन ऑनलाइन किया गया। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के 391 बाल वैज्ञानिकों ने बड़े उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जिसमें 5 बाल वैज्ञानिकों का चयन जनपद स्तर पर किया गया। राज्य स्तरीय आयोजन वर्चुअल रूप से 23 जनवरी को 12 से 2 बजे के मध्य प्रतिभाग करना होगा।

Related posts

Leave a Comment