प्रयागराज।
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज 2 नवंबर 2023 को विश्वविद्यालय की स्थापना की 25 वीं वर्षगांठ के अवसर पर रजत जयंती मनाएगा। मिर्जापुर की लोक गायिका श्रीमती उर्मिला श्रीवास्तव की कजरी और महोबा के जितेन्द्र कुमार चौरसिया का आल्हा गायन समारोह का आकर्षण होगा। इसके साथ ही ब्रज और अवधि की संस्कृति की छटा आह्लादित करेगी। समारोह का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय के यूट्यूब चैनल पर भी किया जाएगा।
कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने आज तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने समारोह स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। यह महत्वपूर्ण अवसर विश्वविद्यालय अपने विकास यात्रा की विगत 25 वर्षों की सुनहरी यादों को ताजा करने का साक्षी बनेगा। विश्वविद्यालय इस अवसर पर उन सभी कर्म योगियों को याद करेगा, जिनका योगदान इसकी प्रगति में सहायक सिद्ध हुआ है।
विश्वविद्यालय के रजत जयंती समारोह के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं । समारोह के मुख्य अतिथि प्रोफेसर बंश गोपाल सिंह, कुलपति, पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ होंगे। सारस्वत अतिथि डॉ नरेंद्र कुमार सिंह गौर, पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार तथा विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर कल्पलता पांडेय, पूर्व कुलपति, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया होंगी।
विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों के लिए यह अवसर उन्नत शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में नवाचार और समृद्धि की ओर एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
इस अवसर पर शिक्षार्थी सूचना प्रबंधन प्रणाली एल आई एम एस का उद्घाटन किया जाएगा। जिससे शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक वृद्धि होगी। शिक्षक एवं कर्मचारी विश्वविद्यालय के विकास की धुरी हैं। रजत जयंती समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर का साक्षी बनने के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों के परिजनों को भी आमंत्रित किया गया है।
रजत जयंती समारोह के कार्यक्रम निदेशक प्रोफेसर पी पी दुबे एवं सह निदेशक डॉ दिनेश सिंह के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न समितियां कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। दीपावली से पूर्व ही विश्वविद्यालय में दीपावली का उल्लास है। विश्वविद्यालय के सभी भवन आकर्षक रोशनी से जगमगा रहे हैं। सभी लोगों को उस पल का बेसब्री से इंतजार हैं जब 25 वर्षों की यात्रा के सहयात्री अटल प्रेक्षागृह में गर्मजोशी से मिलेंगे।
रजत जयंती समारोह को यादगार बनाने के लिए महोबा के जितेंद्र कुमार चौरसिया एवं दल द्वारा आल्हा गायन होगा। मथुरा के अशोक निलेश एवं दल द्वारा ब्रज संस्कृति पर कार्यक्रम, मिर्जापुर की श्रीमती उर्मिला श्रीवास्तव इंदौर द्वारा कजरी गायन की प्रस्तुति की जाएगी। इसी प्रकार सुल्तानपुर के बृजेश सिंह दल द्वारा अवधि संस्कृति की बिरहा गायन की प्रस्तुति की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम भारतीय भाषा उत्सव के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय तथा हिंदुस्तानी अकादमी, प्रयागराज के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। रजत जयंती समारोह का प्रसारण विश्वविद्यालय के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।