प्रयागराज ! चार अंतर्राष्ट्रीय गोल्ड पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड बनाने वाले प्रयागराज के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि-कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा को उनकी मूर्ति ‘ठिठुरन’ पर ‘वसुंधरा’ अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में ‘प्रोफेसर भगवती काम्बोज कला-रत्न अंतरराष्ट्रीय अवार्ड मिला’ तथा इस प्रदर्शनी में रवीन्द्र कुशवाहा की प्रसिद्ध चित्रकृति ‘गंगा अवतरण’ भी प्रदर्शित की गई है।
वसुंधरा अंतरराष्ट्रीय कला-प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ललित कला अकादमी नई दिल्ली के चेयरमैन डॉ.उत्तम पचारणे तथा विशिष्ट अतिथि राज्य ललित कला अकादमी के चेयरमैन डॉ. राजेंद्र सिंह पुण्ढीर ने दीप प्रज्ज्वलित कर की तथा अंतरराष्ट्रीय अवार्ड जीतने वाले कलाकारों को बधाई देते हुए सभी कलाकारों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया है तथा इस अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी की क्यूरेटर डॉ. ऋचा काम्बोज को 10 देशों के कलाकारों को भव्य प्रदर्शनी के माध्यम से शानदार कलामंच प्रदान करने के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
हिमप्रस्थ संस्था की निदेशक तथा इस अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी की संयोजक डॉ ऋचा काम्बोज ने बताया कि प्रोफेसर भगवती प्रकाश काम्बोज बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार थे उनकी 92 वी जयंती पर यह भव्य आयोजन किया जा रहा है इसमें 10 देशों के कलाकारों की 320 शानदार कृतियों की वर्चुअल कला प्रदर्शनी को भव्य रुप से प्रदर्शित किया गया है यह अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी 18 अक्टूबर से 18 दिसंबर तक चलेगी।
अपनी मूर्ति ‘ठिठुरन’ को इस अति सम्मानित अंतरराष्ट्रीय अवार्ड के लिए चुने जाने पर अंतर्राष्ट्रीय कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा ने इस प्रदर्शनी की संयोजक डॉ. ऋचा काम्बोज तथा उनकी जूरी को धन्यवाद दिया।