यूक्रेन में आकाश से बरस रही आग, गोले छीन रहे नागरिकों की जान

यूक्रेन के दूसरे बड़े शहर खार्कीव में आसमान से आग बरस रही है, तो टैंकों के गोले दीवारें चीरकर लोगों से जान छीन रहे हैं। हमले के सातवें दिन बुधवार को खार्कीव पर रूसी हमले और तेज हो गए। क्रूज मिसाइलों ने नगर परिषद की इमारत और अन्य आबादी वाले इलाकों को निशाना बनाया है। ताजा हमलों के बाद यूक्रेन में दो हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की सूचना है। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने वहां रह रहे भारतीयों को तत्काल शहर छोड़ने के लिए कहा है। इस बीच रूसी सेनाओं ने बुधवार को यूक्रेन के खेरसान शहर पर कब्जा कर लिया। राजधानी कीव को घेरे रूसी सैनिक उस पर हमले तेज करते हुए और करीब पहुंच गए हैं। बढ़ रही अनिश्चितता के माहौल में कच्चा तेल रिकार्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। बुधवार को वह करीब 110 डालर प्रति बैरल पर पहुंच गया।हमले के सातवें दिन राजधानी कीव पर कब्जा करने में नाकाम रूसी सेना ने अपने हमले तेज कर दिए हैं। अब वह नागरिक इलाकों में हमले करने में भी परहेज नहीं कर रही है। परमाणु हथियारों को हाई अलर्ट करने के बाद बुधवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने तीसरे विश्व युद्ध की चेतावनी दे दी। कहा, विश्व युद्ध छिड़ा तो उसमें परमाणु हथियारों का इस्तेमाल होना निश्चित है, इसके कारण दुनिया में महाविनाश होगा। इस बीच परमाणु हथियारों से लैस रूस की पनडुब्बी बैरेंट्स सागर में गश्त करती देखी गई है। राष्ट्रपति पुतिन के हाई अलर्ट के आदेश के बाद रूस के परमाणु हथियार हमले के लिए तैयार स्थिति में हैं। रूस ने यूक्रेन में हथियारों की आपूर्ति कर रहे नाटो के देशों पर हमले न करने की गारंटी देने से भी इन्कार कर दिया है। जबकि वाशिंगटन में अमेरिकी संसद को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि रूस को यूक्रेन पर हमले की बड़ी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने यूक्रेन की पूरी मदद का एलान किया है।

Related posts

Leave a Comment