विशाल श्री विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति, भण्डारा नौ को
प्रयागराज। नौ दिवसीय विशाल श्री विष्णु महायज्ञ श्री हनुमान मंदिर गंगातट सिरसा घाट रोड ग्राम तेलियातारा असढिया बाजार दुमदुमा सैदाबाद में कथा के दूसरे दिन गुरुवार को कथा व्यास संजय गिरि महराज ने यज्ञ की महिमा और श्रीमदभागवत गीता के छठवें अध्याय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सृष्टि की उत्पत्ति यज्ञ से, अन्न की उत्पत्ति वृष्टि से, वर्षा की उत्पत्ति यज्ञ से, यज्ञ की उत्पत्ति वेद विहित कर्म साक्षात श्रीमद्भागवत से यज्ञ प्रकट है। महराज संजय गिरि ने कहा कि आज भी यज्ञ जीवन-मरण, यश-लाभ के निमित्त किया जाता है। उन्होंने कहा कि यज्ञ से सभी जड-चेतन का कल्याण होता है और यज्ञ कराने से और यज्ञ में शामिल होने से अनंत पुण्य की प्राप्ति होती है। यह विशाल महायज्ञ श्री श्री 1008 श्री महंत राम संतोष दास महराज की देखरेख में संपन्न हो रहा है। मुख्य यजमान संत लाल यादव और रंग लाल यादव है। महंत गोपाल दास महराज ने बताया कि पूर्णाहुति एवं भण्डारा नौ जून को संपन्न होगा। महंत गोपाल दास महराज ने बताया कि रामलीला एवं रासलीला प्रतिदिन सात बजे से 10 बजे तक, देव पूजन दोपहर 12 बजे से अपराह्न तीन बजे तक एवं रामलीला शाम सात बजे से रात 12बजे तक होगी। संगीतमय श्रीराम कथा के प्रवक्ता संजय गिरि महराज है। श्रीराम कथा प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। कार्यक्रम में महंत कलंदर दास महराज, महंत तुलसीदास महराज, महंत बालकदास महराज, महंत गोपाल दास महराज, विवेक सोनू शामिल है।