रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में सत्य अमरलोक का पूजा पंडाल आकार ले रहा है। पंडाल पश्चिम बंगाल के मिदनापुर के कारीगर चंदन दास के नेतृत्व में बन रहा है। मुख्य कारीगर उत्तम बांस से बने फल, फूल व पुतले से माता के मंडप को सजा रहे हैं।सत्य अमर लोक के प्रवक्ता सुरेश अग्रवाल ने बताया कि यहां का पूजा पंडाल थीम पर आधारित है। झारखंड की लोककला और संस्कृति पर आधारित माता का मंडप सज रहा है। इस वर्ष श्रद्धालु मां दुर्गा के साथ झारखंड की लोककला और संस्कृति के भी दर्शन कर सकेंगे।उन्होंने बताया कि हमारी लोककला समृद्ध कलाओं में से एक है। इसलिए, समृद्धि का आशीर्वाद देने वाली मां दुर्गा को समृद्ध कला से सजे मंडप में विराजमान किया जा रहा है। मंदिर का प्रारूप काल्पनिक है। पंडाल के मुख्य द्वार पर छऊ नृत्य और चारों ओर पुतले ढोल-नगाड़ा के साथ भक्तों को स्वागत करते दिखेंगे। मुख्य द्वार के सामने मां दुर्गा का भव्य मुखौटा होगा, जो पूरी तरह से बांस से बना है। पंडाल में ही बांस की विभिन्न आकृतियों में रंग-बिरंगी लाइट लगी होगी।
इस वर्ष भव्य पूजा के आयोजन की तैयारी चल रही है। प. बंगाल के मिदनापुर के कारीगर उत्तम पंडाल को भव्य रूप दे रहे हैं। प्रतिमा रांची के कारीगर अजय पाल द्वारा बनाई जा रही है।
-हेम सिंह, अध्यक्ष, सत्यअमर लोक