प्रयागराज। आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के अन्तर्गत कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित जन शिक्षण संस्थान, प्रयागराज एवं जिला परियोजना कार्यालय,प्रयागराज द्वारा संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सोरांव प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस का आयोजन विद्यालय के बच्चों एवं संस्थान द्वारा प्रशिक्षित प्रशिक्षणार्थियों के मध्य सम्पन्न हुआ।
संस्थान के निदेशक दिगम्बर नाथ मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि मजदूर ही देश के संरचना के रीढ़ की हड्डी होते हैं, किसी ने खूब कहा है कि दोनों मजदूर चल पडे हैं अपने-अपने काम पर, एक गमछा डालकर दूसरा लैपटाप टांग कर। जी हां, हर वह इन्सान जो अपना पेट पालने के लिए काम करता है वह मजदूर होता है। फिर वह चाहे नंगे पैर चले या बी एम डब्ल्यू कार से। देश के विकास में वहां के मजदूरों का सबसे बडा योगदान होता है, क्योंकि देश को बनाने की नींव यही मजदूर रखता है। इन्हीं को सम्मान देने के लिए हर वर्ष 01 मई को श्रमिक दिवस मनाया जाता है। इस दिन का मकसद ना केवल मजदूरों को सम्मान देना है बल्कि उनके अधिकारों के प्रति आवाज को बुलन्द करना और उन्हें सभी अधिकार देना भी है।किसी देश की तरक्की उस देश के कामगारों और किसानों पर निर्भर करती है। उद्योगपति, मालिक या प्रबंधक समझने के बजाय अपने-आप को ट्रस्टी समझने लगे। लोकतन्त्रीय ढांचो में तो सरकार भी लोगों की तरफ़ से चुनी जाती है जो राजनीतिक लोगों को अपने देश की बागडोर ट्रस्टी के रूप में सौंपते हैं। वह प्रबंध चलाने के लिए मज़दूरों, कामगारों और किसानों की बेहतरी, भलाई और विकास, अमन और कानूनी व्यवस्था बनाऐ रखने के लिए वचनबद्ध होते हैं।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सोरांव की वार्डेन आरती सिंह ने कहा कि हर साल 01 मई को अन्तर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाने का मकसद मजदूरों की उपलब्धियों का सम्मान करना और उनके योगदान को याद करना है। साथ ही उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलन्द करना और उनके खिलाफ हो रहे शोषण को रोकना भी है। इस वर्ष मजदूर दिवस की थीम सकारात्मक सुरक्षा और स्वस्थ संस्कृति का निर्माण करने के लिए मिलकर कार्य करना है।
जन शिक्षण संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी सुधीर कुमार श्रीवास्तव,अनामिका श्रीवास्तव, क्षेत्र समन्वयक राजेन्द्र प्रसाद, दीपिका श्रीवास्तव, ममता राय पूर्णकालिक शिक्षिका किरण मिश्रा अंशकालिक शिक्षिका रिंका वर्मा,उषा यादव आदि लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये। कार्यक्रम का संचालन संस्थान की सहायक कार्यक्रम अधिकारी गार्गी वर्मा द्वारा किया तथा धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की शिक्षिका किरण मिश्रा द्वारा किया गया।