समाजवादी पार्टी के संस्थापक व देश की राजनीति के कद्दावर नेता मुलायम सिंह यादव का निधन पूरे राजनीतिक कुनबे के लिए पीड़ादायक है। उनके बेटे व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके निधन की जानकारी देते हुए ट्वीट किया, मेरे पिताजी व सबके नेताजी नहीं रहे। इसके बाद उनके निधन पर सभी नेता उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति ने जहां, उन्हें ‘धरती पुत्र’ कहकर संबोधित किया तो पीएम मोदी ने मुलायम सिंह यादव के साथ अपनी कई तस्वीरें ट्वीट कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मौके पर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने एक के बाद एक ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव के बारे में बहुत कुछ लिखा, इसके साथ ही उन्होंने मुलायम सिंह के साथ अपनी कई तस्वीरों को ट्वीट किया।
पीएम मोदी ने अपने ट्वीटों की श्रृखंला में लिखा, “मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे। जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक था। उनका निधन मुझे पीड़ा देता है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना। शांति।”