प्रयागराज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च को उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जिसके अंतर्गत प्रयागराज जं, कानपुर, टूंडला एवं अलीगढ़ स्टेशनों पर दौड़ का आयोजन तथा यात्रियों को जागरूक करने हेतु प्रयागराज एवं कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक तथा 09 मार्च को मंडल प्रबंधक कार्यालय में एक प्रख्यात महिला द्वारा संवाद का आयोजन भी किया जायेगा।
जनसम्पर्क अधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के अनुसार प्रयागराज मंडल द्वारा महिलाओं के सम्मान में वृद्धि करते हुए अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस 08 मार्च 2018 के अवसर पर गोविन्दपुरी स्टेशन को ‘आॅल वूमेन’ स्टेशन बनाया गया। जहां समस्त महिला स्टाफ की नियुक्ति प्रदान की गई एवं कार्य का संचालन सफलता पूर्वक किया जा रहा है। प्रयागराज मंडल में ट्रैक मेंटेनर 86, टिकट परीक्षक 84, रेलवे सुरक्षा बल 38, लोको पायलट 31, स्टेशन मास्टर 22, चिकित्सा 160, गार्ड 04, ट्रेन्स क्लर्क के पद पर 25 तथा कार्मिक 35 एवं अन्य विभागों सहित मंडल में कुल 1384 महिलाएं कार्यरत हैं। भारतीय रेलवे में कार्यरत महिला कर्मियों को विशेष सुविधा प्रदान करते हुए 180 दिन का मातृत्व अवकाश एवं 18 वर्ष की आयु तक दो बच्चों की देखभाल हेतु 730 दिन की चाइल्ड केयर लीव प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष महिला शिविर का आयोजन लेह-लद्दाख में किया गया था। जिसमें मंडल की 28 महिला कर्मियों ने प्रतिभागिता की थी। भारतीय रेलवे द्वारा महिलाओं को खेल कोटे के अंतर्गत नियुक्ति प्रदान कर रेल सेवा का अवसर प्रदान किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रयागराज मंडल में कार्यरत हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर एवं धाविका कविता यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय रेलवे एवं भारत वर्ष का नाम रोशन किया है। भारतीय रेलवे में महिला कर्मियों द्वारा केवल दिन में ही रेल सेवा का कार्य कराये जाने का पूर्ण प्रयास किया जा रहा है, जिससे महिला कर्मी अपने पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भली भाति सम्पादित कर सकें।
प्रयागराज मंडल में महिलाओं को विशेष सुविधा प्रदान करते हुए मंडल के अंतर्गत सभी प्रमुख स्टेशनों प्रयागराज जं, कानपुर सेंट्रल, गोविन्दपुरी, मिर्जापुर, विन्ध्याचल, फतेहपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ में महिला यात्रियों के लिए अलग टिकट काउंटर की सुविधा, अलग प्रतीक्षालय टॉयलेट एवं यूरिनल की व्यवस्था की गयी है तथा प्रतीक्षालय में महिला यात्रियों को कपड़े बदलने की सुविधा भी प्रदान की गयी है। भारतीय रेलवे द्वारा 45 वर्ष एवं अधिक आयु तथा गर्भवती महिलाओं को लोअर बर्थ की सुविधा प्रदान की जाती है तथा 58 वर्ष या अधिक उम्र की महिलाओं को किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जाती है जबकि 60 वर्ष या अधिक उम्र के पुरुषों को मात्र 40 प्रतिशत की रियायत प्रदान की जाती है।