भाजपा ने चार राज्‍यों में नियुक्‍त किए पर्यवेक्षक

चार राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत कितनी अहमियत रखती है इसका अंदाजा यहां होने वाली विधायक दल की बैठकों के लिए भेजे जा रहे पर्यवेक्षकों के कद से समझी जा सकती है। 2024 में भाजपा की राह आसान करने वाले उत्तर प्रदेश में भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक बनाया है। इसी तरह रक्षा मंत्री राजनाथ ¨सह को उत्तराखंड, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को मणिपुर और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को गोवा का पर्यवेक्षक नामित किया गया है। इन राज्यों में होली के बाद 19 मार्च को विधायक दल की बैठकें होने की संभावना है।ध्यान देने की बात है कि भाजपा की जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में 2022 की जीत ने 2024 का परिणाम तय कर दिया है। अमित शाह को पर्यवेक्षक बनाने को इसी परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में नेतृत्व का कोई संकट नहीं है।

स्पष्ट रूप से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया है और उनके नाम पर विधायक दल की मुहर लगनी तय है। लेकिन देश के इस सबसे बड़े राज्य में सभी वर्गों, क्षेत्रों और जातियों का मंत्रिमंडल में समुचित स्थान सुनिश्चित करना भविष्य की रणनीति के लिए जरूरी होगा।

केशव प्रसाद मौर्य के भविष्‍य को लेकर अटकलें 

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के चुनाव हार जाने के बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछड़े वर्ग के बड़े चेहरे के रूप में उनका सरकार या पार्टी में सम्मानजनक स्थान भी सुनिश्चित करना होगा। इसी तरह विधानसभा चुनावों में पहली बार उम्मीदों के साथ दलित वर्ग ने भाजपा का दामन थामा है। अमित शाह को इस वर्ग की राजनीतिक आकांक्षाओं का भी ख्याल रखना होगा। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास इसमें उनका सहयोग करेंगे।

Related posts

Leave a Comment