भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, संगठन के एजेंडे पर काम कर रही योगी सरकार

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय का कोई विवाद नहीं है। संगठन ने सरकार बनाई है और सरकार संगठन के एजेंडे पर ही चल रही है। चौधरी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के 14वें प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी नगरीय निकाय और लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत सीटें जिताने का संकल्प दिलाया। कहा, कार्यकर्ताओं के एजेंडे के आधार पर ही सबकुछ होगा।

पदभार ग्रहण समारोह में चौधरी ने कहा कि जनता को बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व सुरक्षा देना और बेईमानी व भ्रष्टाचार खत्म करना संगठन के एजेंडे में है, सरकार उसी पर काम कर ही है तो विवाद किस बात का है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो अपेक्षा की गई है उसे सब मिलकर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर सहित कोर एजेंडे के सभी वादे पूरे किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से पहले बिजली और कानून व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। सरकार ने काम किया, तभी 35 साल बाद कोई सरकार दोबारा बनी है। योगी पहले मुख्यमंत्री हैं जो दोबारा मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकांश विधायक, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर भाजपा के हैं, एक राजनीतिक दल के नाते इससे ज्यादा क्या अपेक्षा होगी। उन्होंने कहा कि विचारधारा के आधार पर सरकार और संगठन प्रदेश की बेहतरी के लिए काम करेंगे।

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, सांसद, विधायक, मंत्री और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपात्री, सूर्य प्रताप शाही, लक्ष्मीकांत बाजपेयी, केशव प्रसाद मौर्य व महेंद्रनाथ पांडेय और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने किया।नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था जब जनसंघ और भाजपा को कोई संज्ञान में नहीं लेता था। भाजपा को सामान्य वर्ग, व्यापारियों, उत्तर भारतीयों और हिंदीभाषी लोगों की पार्टी और गरीब  व पिछड़ा विरोधी पार्टी बताया जाता था। पर लंबे समय की तपस्या के बाद पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक पार्टी का व्यापक जनाधार है। चौधरी ने कहा कि लोग पार्टी के कार्यकर्ताओं को असंतुष्ट बताते हैं जबकि वे तपस्वी और संघर्षशील हैं। महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने पूरा जीवन ही पार्टी को समर्पित कर दिया है।

आलोचकों और आलोचनाओं के बीच तय किया सफर
चौधरी ने चुटकी लेते हुए कहा कि उनका दुर्भाग्य रहा कि उनके मित्र बहुत रहे। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद का पदाधिकारी रहे तो 90 प्रतिशत पदाधिकारी उनके आलोचक रहे। मुरादाबाद में भाजपा के जिलाध्यक्ष बने जिले की पूरी भाजपा उनके खिलाफ थी। क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने की बारी आई तो पूरे पश्चिम क्षेत्र की भाजपा उनके खिलाफ हो गई लेकिन तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया। उन्होंने कहा कि कोई विशेष योग्यता नहीं है लेकिन कार्यकर्ताओं व विचार की ताकत से यहां तक काम करने का मौका मिला है।

…ऐसे तीसरे प्रदेश अध्यक्ष
चौधरी ने कहा कि रमापति राम त्रिपाठी भाजपा के जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष रहे। उनके बाद राजनाथ सिंह भाजपा के जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। और अब वह भाजपा के जिलाध्यक्ष से क्षेत्रीय अध्यक्ष के बाद प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। इसलिए यह उनके लिए एतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा में ही संभव है।

हम भाग्य से ही यहां है
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और विचारधारा से जुड़े लोगों का समूह है। यहां कोई बड़ा छोटा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा में राजनीतिक या सामाजिक जीवन की कोई मेरिट बनती है, जो लोग यहां बैठे हैं उन्होंने कोई तीर नहीं मारा है, वहां जो बैठे हैं उन्होंने भी पार्टी को शिखर तक पहुंचाने में योगदान दिया है लेकिन भाग्य हम लोगों का है तो क्या करें?

Related posts

Leave a Comment