‘भइये’ बयान पर प्रियंका की सफाई, बोलीं- चन्नी ने जो कहा, मोदी व केजरीवाल के लिए कहा

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के यूपी-बिहार के लोगों के लिए ‘भइये’ वाले बयान पर पंजाब सहित देश भर में प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इस बीच इसे लेकर प्रियंका गांधी ने सफाई दी है। वीरवार को पठानकोट में उन्होंने कहा कि चन्नी ने जो कहा मोदी और केजरीवाल के लिए कहा। प्रियंका ने कहा कि चन्नी ने कहा था कि पंजाब पर बाहर के लोगों का राज नहीं होगा। इसमें कुछ गलत नहीं है।बता दें कि मंगलवार को रुपनगर में प्रियंका गांधी पार्टी प्रत्याशी के लिए प्रचार करने पहुंची थी। रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी की मौजूदगी में कहा था कि ‘ ऐ जेहड़े यूपी दे, बिहार दे अते दिल्ली दे भइये आके इत्थे राज करना चांहदे ने, इत्थे वड़ण नहीं देणो’। चन्नी के इस बयान पर प्रियंका गांधी ने तालियां बजाई थी। इसी कारण वह भी विरोधियों के निशाने पर आ गई थी। इंटरनेट मीडिया पर इस वीडियो की क्लिप वायरल होने के बाद भाजपा सहित अन्य दलों ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया था। इसे लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। पंजाब में शिअदल बादल के उपाध्यक्ष डा. दलजीत सिंह चीमा ने चुनाव आयोग से इस मामले का संज्ञान लेकर चन्नी के पर कार्रवाई की। सीएम चन्नी के बयान के लेकर लुधियाना और जालंधर में रह रहे यूपी बिहार के लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। वीरवार को लुधियाना और जालंधर में यूपी और बिहार के लोगों ने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला फूका और नारेबाजी की। इससे पहले बुधवार को पूर्वांचल समाज के लोगों ने लुधियाना में रोष प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि यूपी बिहार के लोगों ने पंजाब की आर्थिक तरक्की में बड़ा योगदान दिया है। सीएम का बयान निंदनीय है। इसका जवाब उन्हें मतदान के दौरान देखने को मिलेगा।

Related posts

Leave a Comment