बोले गृह मंत्री अमित शाह- नवजोत सिद्धू की विकेट गिर जाएगी, पंजाब होगा नशा मुक्त

लुधियाना और पटियाला में भाजपा की जनसभा को संबोधित करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार दोपहर बाद अमृतसर पहुंचे। यहां रंजीत एवेन्यू में बड़ी संख्या में भाजपा वर्करों और जिले की 11 विधानसभा हलकों के भाजपा प्रत्याशियों की मौजूदगी में उन्होंने ने पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में सिद्धू की विकेट गिर जाएगी। अमृतसर पूर्वी से भाजपा प्रत्याशी डा. जगमोहन सिंह राजू की जीत के साथ ही नशा मुक्त पंजाब का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। शाह ने अरविंद केजरीवाल पर भी कटाक्ष किया। गृहमंत्री ने कहा कि अकाली दल, कांग्रेस और आप अच्छे शासन की बात कर रहे हैं। पंजाब ने सबका हाल देखा है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने स्कूलों के बाहर शराब के ठेके खुलवा दिए। केजरीवाल जवाब दें, दो बार सरकार बनने पर भी एक भी पंजाबी को मंत्री क्यों नहीं बनाया।उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा पहली बार सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी पंजाब का भला चाहते हैं। वह सुरक्षित और नशा मुक्त पंजाब चाहते हैं। इसलिए पंजाब में ऐसी सरकार चाहिए जो कंधे से कंधा मिलाकर चल सके। पंजाब को एनडीए सरकार ही सुरक्षित कर सकती है। हमारे घोषणा पत्र में भी यही है। भाजपा ने 11 सूत्रों पर नया पंजाब बनाने का संकल्प लिया है। केंद्र की एनडीए सरकार ने पंजाबियों की सेवा का काम किया है।केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने सबसे पहले संबोधित करते हुए कहा कि 1984 में दरबार साहिब पर हमला हुआ और दिल्ली में कत्लेआम हुआ। तब कांग्रेस की सरकार थी। 1984 के कत्लेआम के पीड़ितों को पीएम मोदी ने इंसाफ दियाया। उन्होंने ही काली सूची समाप्त की। लंगर पर टैक्स खत्म किया। श्री करतारपुर साहिब कोरिडोर खुलवाया।

Related posts

Leave a Comment