बीस साल में पहली बार बुधवार को किसी रूसी अंतरिक्ष यात्री ने अमेरिका से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरी। यूक्रेन संकट को लेकर दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बावजूद रूसी अंतरिक्ष यात्री नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) और जापान के अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना हुए।
अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत में ‘इयान’ तूफान के कारण उनकी स्पेस-एक्स कंपनी के रॉकेट की उड़ान टाल दी गई थी। जापान की अंतरिक्ष एजेंसी के अंतरिक्ष यात्री कोइची वकाता ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि इस प्रक्षेपण के जरिए हम फ्लोरिडा के आसमान को सभी के लिए थोड़ा सा रोशन करेंगे। कोइची पांचवीं बार अंतरिक्ष की यात्रा कर रहे हैं।
पांच महीने तक चलेगा मिशन
कोइची वकाता के साथ पृथ्वी की परिक्रमा करने वाली पहली अमेरिकी मूल की महिला मरीन कर्नल निकोल मान, नौसेना के कैप्टन जोश कसाडा और रूस की एकमात्र महिला अंतरिक्ष यात्री अन्ना किकिना अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना हुए। इनका यह मिशन पांच महीने तक चलेगा। सभी अंतरिक्ष यात्री गुरुवार को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
निकोल मान ने कक्षा में पहुंचते ही कहा, बहुत बढ़िया!। उन्होंने कहा कि यह एक आसान चढ़ाई की सवारी थी। आपके पास तीन नए अंतरिक्ष यात्री हैं जो अभी अंतरिक्ष में तैरकर बहुत खुश हैं। ये नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से बुधवार दोपहर में प्रस्थान करने के 29 घंटे बाद गुरुवार को अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचेंगे और मार्च तक पृथ्वी पर वापस नहीं आएंगे। ये अप्रैल में आए अमेरिकी-इतालवी क्रू की जगह लेंगे।
गौरतलब है कि अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री फ्रैंक रूबियो ने दो सप्ताह पहले कजाख्स्तान से सोयुज रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थी, उनके बदले रूसी अंतरिक्ष एजेंसी की अन्ना किकिना ने अमेरिका से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी है। 260 मील ऊंची (420-किलोमीटर) अंतरिक्ष आउटपोस्ट पर निरंतर अमेरिका और रूस की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अंतरिक्ष एजेंसियों ने गर्मियों में अपनी उड़ानों में सीटों की अदला-बदली करने पर सहमति व्यक्त की थी।
फरवरी के अंत में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद वैश्विक शत्रुता होने के बावजूद वस्तुओं और सेवाओं के आदान-प्रदान को अधिकृत किया गया था। अगला क्रू एक्सचेंज बसंत ऋतु में होगा। रूस के अंतरिक्ष अधिकारी सर्गेई क्रिकालेव ने इस सप्ताह संवाददाताओं को बताया था कि रूस कम से कम 2024 तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रूस इस दशक के अंत तक कक्षा में अपना खुद का स्टेशन बनाना चाहता है, लेकिन हम जानते हैं कि यह बहुत जल्दी नहीं होने वाला है, इसलिए शायद हम तब तक नासा के साथ उड़ान भरते रहेंगे।