लोगों को सीट बेल्ट लगाने के लिए किया जागरूक, 251 दुपहिया वाहन चालकों में बांटा हेलमेट
प्रयागराज। उप्र किन्नर वेलफेयर बोर्ड की वरिष्ठ सदस्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि (टीना मा) ने कहा कि आज देश में बीमारियों से ज्यादा मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो रही है इसमें सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि युवा वर्ग के लोगों की सड़क दुघर्टना में ज्यादा मौत हो रही है ऐसे में हम सभी लोगों को चाहिए कि यातायात के सभी नियमों का पालन करें जिससे कि वह स्वयं सुरक्षित रहे और परिवार के लोगों को कोई परेशानी न होने पाये। यह बातें उप्र किन्नर वेलफेयर बोर्ड की वरिष्ठ सदस्य और किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि (टीना मा) महराज ने किन्नर अखाड़ा और यातायात पुलिस की ओर से यातायात जागरूकता के लिए जानसेनगंज चौराहे से चौंक फांसी इमली तक निकाली गयी रैली में आज कहीं। इस दौरान किन्नर अखाड़ा के सभी संत पीले कलर की साड़ी और सलवार – सूट में थे। वह लोगों को गुलाब का फूल देकर सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक कर रहे थे।
महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि ने कहा कि अगर लोग यातायात नियमों से चले तो दुर्घटना नहीं हो सकती है। कहा कि दुपहिया वाहन चालक हेलमेट जरूर लगाये और वाहन पर दो से ज्यादा लोग बैठकर न चले। उन्होंने कहा कि कार चालक सीट बेल्ट जरूर लगाये। वाहन चलाते समय ओवरटेक से बचें क्योंकि अधिकांश दुर्घटनाएं ओवरटेक से और वाहन चालकों के नींद आने से हो रही है। यातायात निरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय ने भी लोगों को यातायात के प्रति जागरूक किया। अपर आयुक्त पुलिस यातायात सीताराम और टीआई मनोज सिंह ने भी विचार व्यक्त किया। महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि ने सुभाष चौराहे पर 251 वाहन चालकों में हेलमेट का वितरण करते हुए उनको जागरूक किया। यातायात जागरूकता कार्यक्रम में किन्नर अखाड़ा की श्रीमहंत संजनानंद गिरि, नैना, शोभा, छाया, पलक, नेहा, सना, रानी, संगीता, चवन्नी, देवी, सलोनी, नर्मदा, सृष्टि, सुषमा सहित बड़ी संख्या में लोग थे।