बिहार में नीतीश कुमार की अगुआई में फिर से एनडीए की सरकार बन सकती है। जबकि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन भी रेस में आगे बना हुआ है। एग्जिट पोल के तमाम आंकड़े मिले-जुले नतीजे आने की उम्मीद जता रहे हैं। दोनों गठबंधनों को बहुमत के बेहद करीब दिखाया जा रहा है। बिहार में किसकी जीत, किसकी हार…बिहार विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में 78 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है। इन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान समाप्ति के साथ ही एग्जिट पोल के आंकड़े जारी किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज के चुनाव के साथ ही बिहार में 243 सीटों पर तीन चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया है। शाम छह बजे मतदान प्रक्रिया खत्म हो गई। थोड़ी देर बाद तमाम सर्वे एजेंसियां और न्यूज चैनलों की ओर से एग्जिट पोल जारी किए जाएंगे। विभिन्न सर्वे एजेंसियां और न्यूज चैनल इसमें भाजपा, राजद, जदयू, लोजपा, हम आदि पार्टियों के अनुमानित आंकड़े जारी करेंगे। इसके जरिये कुछ हद तक बिहार में नई सरकार की तस्वीर साफ होगी।तमाम सर्वे में बढ़त मिलने के बाद महागठबंधन बिहार में सरकार बनाने की रेस में आगे दिख रहा है। इसके साथ ही राजद खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई सरकार बनने की उम्मीद के साथ ही पटना में सैंकड़ों राजद कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जश्न मनाते दिखे। 10 लाख लोगों को नौकरी देने के दावे के साथ राजद ने इस बार चुनाव में बड़ा उलटफेर का माद्दा दिखाया है।
तीसरे और अंतिम दौर के चुनाव समाप्त होते ही एग्जिट पोल के रुझान आने शुरू ही गए। बिहार कांग्रेस ने एक्जिट पोल के रुझान आने के साथ ही दावा किया कि महागठबंधन बिहार में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने कहा कि एक्जिट पोल महागठबंधन को जितनी सीटें दे रहा है हमें उससे कहीं ज्यादा सीटें मिलने जा रही हैं। डॉ झा ने कहा कि बिहार की जनता ने 2020 में बदलाव के लिए महागठबंधन पर भरोसा जताया है। 10 नवंबर को चुनाव के रिजल्ट आने के साथ ही एक्जिट पोल के रुझान भी पीछे छूट जाएंगे। वहीं कांग्रेस विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्रा ने कहा कि 10 नवंबर को हमारे परिणाम और बेहतर आने वाले है। तमाम एक्जिट पोल भी बिहार के महागठबंधन को बढ़त में दिखा रहे हैं। यही दावा कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने भी किया है।बिहार में एक बार फिर से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे या फिर तेजस्वी यादव को सरकार की कमान मिलेगी। एग्जिट पोल के आंकड़े से तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है। यहां एनडीए या महागठबंधन में किसी की भी सरकार बन सकती है। तमाम सर्वे एजेंसियां और न्यूज चैनल के एग्जिट पोल के आंकड़े में नीतीश और तेजस्वी दोनों को नई सरकार बनाने के बेहद करीब बताया गया है।रिपब्लिक भारत के एग्जिट पोल में महागठबंधन को 118 से 138 सीटें दी गई हैं। वहीं एनडीए गठबंधन को 91 से 117 सीटें दी गई हैं। दोनों गठबंधन के बीच कांटे का मुकाबला दिखाया गया है। अन्य को 8 से 14 सीटें दी गई हैं।