प्रतापगढ़। बाबा घुइसरनाथ धाम मे होने वाले आज गुरूवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय एकता महोत्सव मे चोटी के कलाकार इस बार रजत जयंती को यादगार बनायेगें। महोत्सव मे नेहरू युवा केंद्र तथा सूचना एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग एवं उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के नामचीन कलाकार गुरूवार की पहली शाम अपनी कलाओ का जलवा बिखेरेगें। वहीं अगले दिन शुक्रवार को सुबह शीलू श्रीवास्तव के भजन के साथ शाम सात बजे से रिदम संस्था की देश भक्ति की प्रस्तुतियों के बीच भोजपुरी नाईट मे पूनम दुबे, रीतू सिंह, शुभी शर्मा, एस मिश्रा तथा दीपक दिलदार जैसे सुपरस्टार मंच की आवाज दिखेगें। पंख एक पहल द्वारा देश भक्ति पर रंगारंग कार्यक्रम दर्शको के लिए खासा आकर्षण होगा। वहीं तीसरे दिन शनिवार बाइस फरवरी को शाम छः बजे से भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार सुश्री आम्रपाली दुबे का रजत जयंती महोत्सव मे यादगार धमाल होगा। वही मथुरा की फूलो की होली तथा नृत्य नाटिका एवं उडान म्यूजिकल गु्रप की अनीता सिंह की टीम द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की धूम होगी। रजत जयंती महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संयोजन सुपरस्टार गायक रवि त्रिपाठी करेगें। महोत्सव मे लगातार तीन दिनो तक क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना तथा पूर्व संासद प्रमोद तिवारी की उपस्थिति को लेकर भी आयोजन समिति मे खासा उत्साह झलक रहा है। आयोजन समिति द्वारा बुधवार की देर शाम तक महोत्सव की तैयारियो को अंतिम रूप दिये जाने की मशक्कत देखी गयी। प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, प्रमुख सुरेंद्र सिंह ददन, सुधाकर पाण्डेय, रामबोध शुक्ल, दृगपाल यादव, रामकृपाल पासी आदि महोत्सव की तैयारियों मे मशगूल देखे गये।
रजत जयंती महोत्सव को लेकर दिखने लगी उत्साहजनक रंगत
बाबा घुइसरनाथ धाम मे गुरूवार से शनिवार तक होने वाले रजत जयंती महोत्सव को लेकर जहां बाबा धाम की आध्यात्मिक छटा श्रद्धालुओं का आकर्षण का केंद्र है। वहीं मंदिर परिसर से लेकर महोत्सव स्थल तक हुई साजसज्जा एवं रोशनी भी अनुपम छटा लिये हुये है। इधर महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र मे होर्डिग तथा स्वागत द्वार भी लोगों के उत्साह को झलका रहे है। लालगंज नगर पंचायत की ओर से रजत जयंती महोत्सव को लेकर इंदिरा चौक व मुख्य प्रवेश द्वार पर खासी सजावट लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र दिख रही है। वही पूरे नगर मे विशेष रोशनी का भी प्रबन्ध इस बार खासी रंगत लिये हुये है। सांगीपुर, उदयपुर, रामपुर बावली, रानीगंज कैथौला, धारूपुर आदि बाजारो मे भी रजत जयंती महोत्सव को लेकर प्रचार प्रसार की धूम बैनर व पोस्टर तथा स्वागत द्वारों व होर्डिंग मे उत्साह के चरम पर आ पहुंची है।