फूलपुर में भाजपा की हैट्रिक, नजदीकी मुकाबले में जीते प्रवीण

लोकसभा सामान्य निर्वाचन में भाजपा आखिरकार फूलपुर लोकसभा सीट में हैट्रिक बनाने में कामयाब हो ही गई। तीन बार के विधायक प्रवीण पटेल ने फूलपुर लोकसभा जीतकर पार्टी के खाते में तो डाल दी, लेकिन इस जीत के लिए उन्हें खासी मशक्कत भी करनी पड़ी। उन्हें सपा प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य ने कड़ी टक्कर दी। सपा ने इस लोकसभा चुनाव में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। लेकिन अंत में अमरनाथ मौर्य 4332 मतों से चुनाव हार गए। इस जीत के साथ ही भाजपा फूलपुर सीट बचाने में कामयाब हो गई।

प्रयागराज की फूलपुर संसदीय सीट में यहां पहली बार रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। भाजपा यहां सेे रिकार्ड मतों से जीत की आस लगाए बैठी थी, लेकिन सपा प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य ने उस पर पानी फेर दिया।

सुबह आठ बजे काउंटिंग शुरू होने के बाद शाम तकरीबन सात बजे तक तय नहीं हो पा रहा था कि यह सीट भाजपा जीतेगी या फिर सपा। देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू के अलावा विजय लक्ष्मी पंडित, विश्वनाथ प्रताप सिंह, कमला बहुगुणा की राजनीतिक जमीन में पहली बार वर्ष 2014 में यहां केशव प्रसाद मौर्य ने कमल खिलाया था। इसके बाद 2019 में केशरी देवी पटेल ने इस संसदीय सीट से जीत हासिल की।अब प्रवीण ने लोकसभा सामान्य निर्वाचन में लगातार तीसरी बार कमल को खिलाने में कामयाब हुए। हालांकि 2018 में हुए उपचुनाव में सपा ने भाजपा से यह सीट छीन ली थी। प्रवीण पटेल की बात करें तो वह फूलपुर विधानसभा से तीन बार विधायक बन चुके हैं। एक बार उन्होंने बसपा के टिकट पर यहां से विधानसभा का चुनाव जीता था।

फिर 2017 एवं 2022 में वह भाजपा के टिकट पर इसी सीट से विधायक बने। उधर सपा प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य की बात करें तो उन्हें इस चुनाव में 448268 मत मिले। उनके मुकाबले प्रवीण पटेल को 452600 मत मिले। इस सीट पर तीसरे स्थान पर आने वाले बसपा के जगन्नाथ पाल को 82586 मत मिले। वहीं अपनादल कमेरावादी की महिमा पटेल 4162 मत ही मिले।

Related posts

Leave a Comment