ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला फाफामऊ, हमलावरों का नहीं लगा सुराग
प्रयागराज। फाफामऊ थाना क्षेत्र के लेहरा गांव में हुई एक सनसनीखेज वारदात में भाजपा नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बाइक सवार तीन बदमाश वारदात को अंजाम देकर निकल भागे। भाजपा नेता को गंभीर हाल में एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। हालांकि वारदात को 24 घंटे से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी पुलिस हमलावरों का सुराग नहीं लगा पाई है।वहीं घटना सूचना मिलते ही डीआईजी प्रयागराज सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी आईजी रेंज डॉ राकेश सिंह मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया।
फाफामऊ थाना क्षेत्र के लेहरा गांव के रहने वाले अजय कुमार शर्मा भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हैं। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते हैं। सोमवार रात 10:00 बजे के करीब वह घर से निकले ही थे कि तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक आ धमके। भाजपा नेता कुछ समझ पाते इससे पहले ही युवकों ने असलहे निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग में उन्हें कुल 5 गोलियां लगी जिसके बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। यह देख हमलावर भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव वाले और घर वाले मौके पर पहुंचे तो वहां की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस पहुंची जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। उनकी हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें शहर में ही कटरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रॉपर्टी के विवाद या राजनीतिक में मारी गई गोली पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अफसरों का कहना है कि परिवार की ओर से अब तक किसी रंजिश के बाबत जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेता बड़े पैमाने पर प्रॉपर्टी का काम करते हैं। उनके पिता भी बड़े प्रॉपर्टी डीलर हैं, जिनका काम कई अन्य जनपदों तक भी फैला हुआ है। ऐसे में आशंका है कि प्रॉपर्टी के ही विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है। उधर घटना की जानकारी पर आईजी डॉ राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।
“वारदात बाइक सवार तीन हमलावरों ने अंजाम दी। घरवालों ने अब तक किसी रंजिश की जानकारी नहीं दी है। घायल की हालत ऐसी नहीं है कि उसका बयान लिया जा सके। लेकिन डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। जांच पड़ताल की जा रही है।”
सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी, डीआईजी एसएसपी