प्रदेश के एडेड विद्यालयों को मिले 176 प्रधानाचार्य

वर्ष 2011 के गोरखपुर, मुरादाबाद और मेरठ मंडल के साक्षात्कार का परिणाम 10 वर्ष बाद हुआ घोषित
टीजीटी पीजीटी 2016 के 20 शिक्षकों का हुआ समायोजन
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज ने प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक
विद्यालयों के प्रधानाचार्य 2011 विज्ञापन के मुरादाबाद गोरखपुर और मेरठ मंडल का परिणाम बुधवार की देर शाम जारी कर दिया गया। इस प्रकार से इन तीनों मंडलों के एडेड स्कूलों को 176 प्रधानाचार्य मिल गए हैं। जबकि विज्ञापन 2011 के कानपुर मंडल के 100 रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार 20 जनवरी के बाद शुरू होने की संभावना है। चयन बोर्ड की बैठक में जिले के अंदर टीजीटी पीजीटी 2016 के चयनित 20 शिक्षकों का समायोजन भी किया गया है। उत्तर प्रदेश  माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के उप सचिव और परीक्षा नियंत्रक नवल किशोर ने बताया कि प्रधानाचार्य 2011 के तीन मंडल मुरादाबाद गोरखपुर और मेरठ का परिणाम चयन बोर्ड की बैठक के बाद आज शाम को जारी कर दिया गया। बताया कि गोरखपुर मंडल को 50 मुरादाबाद मंडल को 42 और मेरठ मंडल को 84 प्रधानाचार्य मिले हैं। उन्होंने बताया कि गोरखपुर मंडल का परिणाम चयन बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य डा हरेंद्र राय मुरादाबाद मंडल का परिणाम डा ओ पी राय और मेरठ मंडल का परिणाम डा धीरेंद्र द्विवेदी ने तैयार किया है। बताया कि कानपुर मंडल के 2011 के विज्ञापन के प्रधानाचार्यों का साक्षात्कार 20 जनवरी के बाद शुरू होगा। कानपुर मंडल के होने वाले साक्षात्कार से एडेड स्कूलों को 100 प्रधानाचार्य मिलेंगे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य डा दिनेश मणि त्रिपाठी ने चित्रकूट और बस्ती मंडल तथा डा अजीत सिंह ने फैजाबाद मंडल के प्रधानाचार्य 2011 का परिणाम तैयार कर घोषित किया था। परीक्षा नियंत्रक नवल किशोर ने बताया कि टीजीटी पीजीटी 2016 का 20 शिक्षकों का समायोजन बैठक में हुआ है। इसमें टीजीटी के 17 और पीजीटी के 03 शिक्षक हैं। इनका उसी जिले में समायोजन हुआ है। उल्लेखनीय है कि टीजीटी पीजीटी 2016 में अभी 350 और टीजीटी पीजीटी 2021 में करीब 500 चयनित शिक्षकों का समायोजन होना है।

Related posts

Leave a Comment