पीएम मोदी बोले- 2022 के चुनाव परिणाम ने तय कर दिए 2024 के नतीजे, यह परिवारवादी राजनीति के अंत का संकेत

यूं तो पांच राज्यों के चुनाव को पहले से ही अगले आम चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा था, गुरुवार को नतीजों के एलान के बाद खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार राज्यों और खासकर उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश को 2024 से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इसने लोकसभा चुनाव के नतीजे तय कर दिए हैं। भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने चुनाव नतीजों को परिवारवाद की राजनीति के सूर्यास्त का आगाज बताया और पार्टी की जीत का श्रेय खासकर महिलाओं और युवाओं को दिया। वहीं कोविड महामारी और फिर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के संकट के दौरान भी संकीर्ण राजनीति के लिए विपक्षी नेताओं व दलों को आड़े हाथों लिया।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ राजनीतिक पंडितों ने 2019 में भाजपा की लोकसभा में जीत को कम आंकने के लिए इसका श्रेय 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत को दे दिया था। उन्होंने कहा कि अब जबकि 2022 में फिर से उत्तर प्रदेश में भाजपा की वापसी हो रही है, वे 2024 के लोकसभा चुनाव की जीत तय कहने की हिम्मत जुटा पाएंगे। चुनावी हार-जीत को जातीय समीकरण से देखने के लिए राजनीतिक विशेषज्ञों को आड़े हाथों लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2014, 2017, 2019 और 2022 में लगातार जातिवाद के ऊपर विकासवाद को तरजीह है। प्रधानमंत्री ने साफ किया कि वह किसी परिवार के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इसके लोकतंत्र के खिलाफ होने की वजह से चिंतित जरूर हैं। उन्होंने कहा, ‘एक दिन ऐसा आएगा जब देश के नागरिक परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त करके रहेंगे।’प्रधानमंत्री ने भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय पूरी तरह से महिलाओं और युवाओं को दिया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां महिलाओं का वोट प्रतिशत पुरुषों की तुलना में ज्यादा रहा है, वहां-वहां भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। उन्होंने महिलाओं को भाजपा की जीत का सारथी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, गोवा, उत्तर प्रदेश और मणिपुर की चुनौतियां और विकास के रास्ते भले ही अलग-अलग हों, लेकिन वहां की जनता ने इसके लिए एकजुट होकर भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने चारों राज्यों में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया।

Related posts

Leave a Comment