पहले धोनी का रिव्यू फिर जडेजा का कैच, छह गेंद के अंदर दो बार चकराए फैंस

आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के मैच में भारत के दो दिग्गज खिलाड़ी शानदार लय में थे। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इस मैच में भी दिखाया कि क्यों उन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन कप्तानों में गिना जाता है। वहीं, रवींद्र जडेजा ने एक बार फिर साबित किया कि वह दुनिया के सबसे बेहतरीन फील्डर्स में एक हैं।

इस मैच में चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए चार ओवर में 38 रन जोड़े। इसके बाद तुषार देशपांडे ने रोहित को 21 रन के स्कोर पर आउट कर दिया। पहला विकेट गिरने के बाद ही धोनी ने अपनी कप्तानी का जलवा दिखाया।  उन्होंने स्पिन गेंदबाजों को गेंद थमाई और सातवें ओवर में जडेजा ने ईशान किशन को 32 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। सैंटनर ने अगले ओवर में सूर्यकुमार यादव को लेग स्टंप के बाहर गेंद की। बल्लेबाज ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। धोनी ने अपील की, लेकिन अंपायर ने इस वाइड गेंद करार दिया। ऐसे में धोनी ने तुरंत रिव्यू लिया और रीप्ले में पता चला कि गेंद बल्लेबाज के ग्लव्स में लगकर गई है। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव को एक रन के स्कोर पर वापस जाना पड़ा। आठवें ओवर में धोनी ने जडेजा को आक्रमण में लगाए रखा और उनकी दूसरी गेंद पर कैमरून ग्रीन ने गेंदबाज के ऊपर से बड़ा शॉट खेला। गेंद गोली की रफ्तार से बाउंड्री की तरफ जा रही थी। अंपायर भी गेंद को अपनी तरफ आता देख खुद को बचाने के लिए झुक गए, लेकिन जडेजा नहीं झुके। उन्होंने तुरंत दोनों हाथ ऊपर करके शानदार कैच पकड़ा और कैच पकड़ने के बाद गेंद अंपायर की तरफ उछाल दी। उनका यह कैच देख सभी हैरान रह गए। जडेजा के इस शानदार कैच के चलते मुंबई ने 73 रन पर चार अहम विकेट गंवा दिए और इस टीम के बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद खत्म हो गई। अंत में मुंबई की टीम आठ विकेट खोकर 157 रन बना पाई।

Related posts

Leave a Comment