नेताजी के सपनों को हमें साकार करना होगा: केशव प्रसाद मौर्या
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सुभाष चंद्र बोस के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर उनकी 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मना रहा है। नेताजी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने आगे कहा कि आजाद हिन्द फौज की स्थापना कर नेताजी ने अंग्रेजी सरकारों की नींदें उड़ा दी थी। यह देश उनके योगदान को कभी भूल नहीं पाएगा। कहा कि देश के गौरवशाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हीं के आदर्शों पर चलकर इस देश को और भी शक्तिशाली बना रहे हैं। उन्होंने नेताजी की याद में लाल किले के अंदर सुभाष चंद्र बोस संग्रहालय बनाकर देश को समर्पित किया। जिससे आने वाली पीढ़ी उनको सदैव याद रखेगी। कहा कि हम सभी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सपनों को साकार करने को संकल्प लेकर कार्य करना है।
भारतीय जनता पार्टी महानगर प्रयागराज के तत्वावधान में सिविल लाइन चैराहे पर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जन्म जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गणेश केसरवानी ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस का जीवन हम सभी के लिए एक प्रेरणा स्रोत है जो हमें अपने राष्ट्र के लिए जीने और मरने का संदेश देती है। इस अवसर पर विधायक संजय गुप्ता, प्रवीण पटेल, अवधेश चंद्र गुप्ता, कमलेश कुमार गौतम, कुंज बिहारी मिश्रा, वरुण केसरवानी, राजेश केसरवानी, विवेक अग्रवाल, मनोज कुशवाहा, रमेश पासी, सचिन जायसवाल, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, स्मृति श्रीवास्तव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।